सड़क निर्माण से स्थानीय लोगों और विद्युत उपभोक्ताओं को मिलेगी बड़ी राहत
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर (सोलन)। विद्युत उपमंडल धर्मपुर के कार्यालय तक अब वाहनों से पहुंचना आसान होगा। आम जनता और बिजली उपभोक्ताओं की परेशानी दूर करने के लिए विद्युत बोर्ड की ओर से कार्यालय तक 16 लाख रुपये की लागत से सीमेंट-कंक्रीट सड़क का निर्माण करवाया जा रहा है। इस संपर्क मार्ग को मुख्य हाईवे से जोड़ा जा रहा है, जिससे कार्यालय आने-जाने वाले लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
स्थानीय लोग लंबे समय से विद्युत बोर्ड कार्यालय तक वाहनों की आवाजाही के लिए पक्की सड़क बनाने की मांग कर रहे थे। अभी तक बिजली से जुड़े कार्यों के लिए कार्यालय आने वाले लोगों, विशेषकर बुजुर्गों और महिलाओं को लंबी सीढ़ियां चढ़कर पहुंचना पड़ता था। इससे उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।
धर्मपुर स्थित विद्युत बोर्ड का पुराना कार्यालय ब्रिटिश शासनकाल का था। भवन जर्जर होने के कारण इसे असुरक्षित घोषित कर दिया गया था। इसके बाद बोर्ड ने नए भवन का निर्माण तो करवा दिया, लेकिन सड़क की सुविधा न होने के कारण उपभोक्ताओं को सीढ़ियां चढ़कर ही कार्यालय पहुंचना पड़ता था।
अब नई सड़क बनने से उपभोक्ता सीधे वाहन लेकर कार्यालय परिसर तक पहुंच सकेंगे। हालांकि, इस मार्ग पर चढ़ाई अधिक है, लेकिन सीमेंट-कंक्रीट से पक्की सड़क बनने के बाद आवाजाही आसान होने की उम्मीद है। इससे पैदल आने-जाने वाले लोगों को भी सुविधा मिलेगी।
कोट
सड़क बनने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ विभाग को भी सुविधा होगी। अब विद्युत बोर्ड के वाहन भी सीधे कार्यालय परिसर तक पहुंच सकेंगे। उन्होंने बताया कि सड़क का निर्माण कार्य तेजी से पूरा कर इसे जल्द ही जनता को समर्पित किया जाएगा। - कुणाल साहनी, सहायक अभियंता, विद्युत उपमंडल धर्मपुर