बद्दी/ पंजेहरा (सोलन)। दवा निरीक्षक के साथ मारपीट करने पर दवा नियंत्रक विभाग ने सोबन माजरा के निजी क्लीनिक को सीज कर दिया है। विभाग ने क्लीनिक संचालक को नोटिस जारी कर निरीक्षण के दौरान जो जब्त दवा छीने उसे भी वापस करने को कहा है। इसके अलावा यह दवाइयां कहां से ली है, उसके रसीद व बिल भी विभाग को जमा कराने को कहा है। इसके लिए विभाग ने दो दिन का समय दिया है। निर्धारित समय में वह जमा नहीं कराता है तो विभाग इस मामले को कोर्ट में भेज देगा।
बुधवार को सोबन माजरा में निजी क्लीनिक की जांच करने गए दो दवा निरीक्षक व चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की क्लीनिक में तैनात कर्मचारियों ने पिटाई कर दी थी। मारपीट करने के बाद दवा निरीक्षक से सीज की हुई दवाइयां भी छीन ली थी। दवा निरीक्षक व चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी किसी तरह अपनी जान बचा कर वहां से निकल पाए थे।
दवा निरीक्षक लवली ठाकुर वीरवार को पुलिस के साथ सोबन माजरा पहुंचे, लेकिन क्लीनिक में ताला लगा हुआ था। दवा निरीक्षक ने क्लीनिक पर अपना ताला लगा कर उसे सीज कर दिया। साथ ही क्लीनिक पर नोटिस चिपका दिया। जिसमें दो दिन के भीतर छीनी गई दवाइयां व उनके बिल जमा कराने को कहा गया है। विभाग ने इसकी एक प्रति पंचायत प्रधान राम कुमार को भी दी है।
उधर, दवा नियंत्रक नवनीत मरवाह ने क्लीनिक को सीज करने व नोटिस जारी करने की पुष्टि की है।