फीस बढ़ोतरी के खिलाफ नारा बुलंद
सोलन। फीस वृद्धि का प्रस्ताव, परीक्षा फार्म की कीमतों में इजाफा, मार्कशीट मंहगा करने की कवायद के खिलाफ सोलन एसएफआई ने भी मोरचा खोल दिया है। संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि प्रदेश विश्वविद्यालय के बढ़ते निजीकरण छात्र विरोधी है। जल्द ही इसके खिलाफ एसएफआई आंदोलन छेड़ेगी।
जिला सचिव मोहित वर्मा ने कहा कि प्रदेश विवि धीरे-धीरे निजीकरण की तरफ कदम बढ़ा रहा है। सोलन एसएफआई इकाई कड़ा विरोध करती है। वहीं कालेज सचिव संजय ठाकुर ने बताया कि इकाई परीक्षा फार्म में हुई फीस बढ़ोतरी और कुलपति कार्यप्रणाली के खिलाफ विरोध प्रदर्शन, हस्ताक्षर अभियान और धरने प्रदर्शन कर अभियान चलाएगी। एसएफआई इकाई ने विवि पर आरोप लगाते हुए कहा कि कुलपति परीक्षा नियंत्रण से मिलकर अपने-अपने चहेतों को लाभ पहुंचाने के लिए कंप्यूटराइजड फार्म और जर्मन तकनीक की मार्क्स शीट देने की बात कर रहे हैं। फार्मों के नाम पर दो सालों से तीन गुणा से अधिक बढ़ोतरी हुई है। इकाई ने विवि प्रशासन चेतावनी देते हुए कहा कि परीक्षा फार्म के नाम पर छात्रों से खिलवाड़ करना बंद करें। अगर विवि प्रशासन ने फीस बढ़ोतरी का फैसला वापस नहीं लेता तो है इकाई उग्र आंदोलन करेगी। जिसकी जिम्मेवारी स्वयं प्रशासन की होगी।