पास लेने को लेकर उलझे वाहन सवार
सोलन। देहूंघाट के वाहनों सवारों में एक दूसरे से पास लेने के चक्कर में खूब बवाल मचा। कार में पंचकूला का एक परिवार सवार था, तो दूसरी गाड़ी में एक युवक। देहूंघाट के दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ा। खूब बहस हुई। आरोप है कि युवक को यह सब नागवारा गुजरा और सपरुन आकर उसने अपनी गाड़ी कार के आगे रोकी और उतरकर राड से कार की खिड़की के शीशे पर प्रहार कर डाला।
राड से शीश टूटकर चकनाचूर हो गया और कार में सवार महिला को चोटें पहुंची। इससे पहले की लोग कुछ समझ पाते युवक ने अपनी गाड़ी मोड़ी और तेजी से दौड़ा दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इसी बीच पर्यटकों के एक वाहन को भी चपेट में लिया और तेज गति से गाड़ी भगा ले गया। गुंडागर्दी के इस नजारे को देखकर लोग एकत्र हो गए। पुलिस को सूचित किया गया। मौके पर पुलिस ने पहुंचकर कार्रवाई शुरू की। प्रभावित महिला का मेडिकल करवाया गया है। दोनों पक्षों से पुलिस को शिकायत मिली है।
पंचकूला का था परिवार
पंचकूला हाउस नंबर 938 ग्रांउड फ्लोर सेक्टर 19 के प्रेम सिंह का परिवार इस कार में सवार था। उनकी पत्नी कुलवंत कौर कार की पिछली सीट में बैठी थी। उनके साथ दो बेटे भी कार में सवार थे। प्रेम सिंह के मुताबिक बुधवार सुबह करीब 08:40 की घटना है। उनका आरोप है कि दूसरी गाड़ी में सवार चालक नशे में धुत्त था। उन्होंने सपरुन चौकी में इस घटना की शिकायत की है। दूसरी तरफ आरोपी युवक ने भी पंचकूला के परिवार पर संगीन आरोप जड़े हैं। बहसबाजी करने और शीश तोड़ने के आरोप लगाए हैं।
पुलिस जांच में जुटी
एसपी पीके ठाकुर ने शिकायत मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि शिकायत के आधार पर पुलिस जांच कर रही है। दोनों पक्षों से शिकायत पहुंची है। शिकायतों की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों का मेडिकल करवाया जा रहा है।