पड़ोसी राज्यों से बिजली लेने को विवश बीबीएन
नालागढ़ में टावर लाइन गिरने से परेशानी, पंजाब और हरियाणा से ली जा रही बिजली उधार
नाथपा झाकड़ी और कोल डैम से आने वाली फ्री बिजली भी हो रही जाया
अमर उजाला ब्यूरो
नालागढ़ (सोलन)। विद्युत राज्य होने के बावजूद हिमाचल में पड़ोसी राज्यों से बिजली उधार लेने को विवश होना पड़ रहा है। विद्युत बोर्ड को प्रदेश से मिलने वाली 12 फीसदी फ्री बिजली की चपत लग रही है। इस संचार लाइन से नाथपा झाकड़ी और कोल डैम से विद्युत आती है। जहां विद्युत बोर्ड को प्रतिदिन नुकसान हो रहा है, वहीं इसका असर उद्योगों पर भी पड़ रहा है। 220केवी डबल सर्किट संचार लाइन के टावर टूटने के बाद यह समस्या विकराल हो गई है। गिरे हुए 11 नंबर के टॉवर के साथ 10 और 13 नंबरों के टावरों का सामान भी गायब है। इससे 10 और 12 नंबर की आपस में कनेक्टिविटी करने में भारी दिक्कत झेलनी पड़ रही है। हालांकि विद्युत बोर्ड ने नया टावर राजस्थान से मंगवाने की कवायद तेज कर दी है, वहीं वैकल्पिक व्यवस्था करने के लिए विकासनगर व ऊना से विद्युत तार और जालंधर से फिटिंग का सामान मंगवा लिया है। बिजली तारों को दुरुस्त बनाने को लेकर चल रहे काम का खामियाजा उद्योगों और आम लोगों को बिजली कटों के रूप में झेलना पड़ रहा है। प्रशासन से एसडीएम नालागढ़ प्रशांत देष्टा, डीएसपी चमन लाल, एसएचओ राजकुमार वर्मा की टीम ने मौके का दौरा करके वस्तुस्थिति का जायजा लिया है।
30 प्रतिशत उद्योग हो रहे प्रभावित
बीबीएनआईए के अध्यक्ष शैलेष अग्रवाल ने बताया कि इस टावर के गिरने से बीबीएन के करीब 30 फीसदी उद्योग प्रभावित हो रहे हैं। इन्हें प्रतिदिन लाखों रुपये का नुकसान वहन करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि विद्युत बोर्ड के उच्चाधिकारियों से बात कर समस्या के समाधान की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि जो विद्युत पंचकूला से कुनिहार से बद्दी पहुंच रही है, उसमें भी बारिश के कारण दिक्कत आई है। इसका असर उद्योगों को पड़ रहा है, इसलिए संघ विद्युत बोर्ड व सरकार से बिजली व्यवस्था को सुचारु बनाने की मांग करता है।
13 अन्य टावर का सामान भी पाया गायब
एक्सईएन ट्रांसमिशन विद्युत बोर्ड नालागढ़ एसके शर्मा ने बताया कि 10 नंबर टावर के बाद 13 नंबर टावर का सामान भी गायब है। उन्होंने कहा कि 10 व 12 नंबर टावरों की लाइन को आपस में जोड़ने के लिए तारों का ऑर्डर दे दिया है जो विकासनगर व ऊना जबकि इसकी फिटिंग का सामान जालंधर से मंगवाया है। यह सामान रविवार को पहुंच चुका है और टावरों को दुरूस्त बनाने और 10 व 12 नंबर टावरों के तार जोड़ने का काम शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि फिलहाल हरियाणा व पंजाब से विद्युत लेकर क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति को सुचारु बनाया जा रहा है।