लगदाघाट और भिंयूखरी पंचायतों को मिलेगा भरपूर पानी
1.94 करोड़ की पेयजल योजना का 75 फीसदी काम हो चुका है पूरा
उखू पंजली संवर्धन उठाऊ पेयजल योजना लोगों को देगी राहत
अमर उजाला ब्यूरो
नालागढ़ (सोलन)। उपमंडल के पहाड़ी क्षेत्रों की दो पंचायतों लगदाघाट और भिंयूखरी के लोगों की समस्या का स्थायी समाधान करने के लिए 1.94 करोड़ रुपये की उखू पंजली संवर्धन उठाऊ पेयजल योजना के कार्य को युद्धस्तर पर करवाने के लिए विभाग ने कमर कस ली है। इस योजना का अभी तक 75 फीसदी कार्य हुआ है और विभाग का प्रयास है कि इसका जल्द ही कार्य पूर्ण करके इस योजना को जनता को समर्पित किया जा सके। विभाग ने इस योजना के टेंडर लगाने के बाद कार्य आरंभ करते हुए इसकी राइजिंग मेन सहित पंपिंग मशीनरी से होने वाला कार्य काफी पहले पूरा कर लिया है। अब इस योजना का पंप हाउस, ट्रीटमेंट यूनिट व वितरण प्रणाली का कार्य किया जा रहा है। योजना का कार्य पूर्ण होने से क्षेत्र की इन दोनों पंचायतों के करीब दो हजार ग्रामीण लाभान्वित होंगे। इन पंचायतों के लोगों को प्राकृतिक जलस्त्रोतों के सहारे दूरदराज क्षेत्रों से पेयजल लाने को विवश होना पड़ता है। इन पंचायतों के गांवों को चार स्कीमों उखू, बढ़लग, लग भिंयूखरी, मछौन डोरी से पेयजल आपूर्ति की जाती है, लेकिन योजनाओं से पर्याप्त पानी लोगों तक नहीं पहुंच पाता है। एक्सईएन आईपीएच नालागढ़ मंडल आरके खाबला ने बताया कि उखू पंजली संवर्धन उठाऊ पेयजल योजना का 75 फीसदी कार्य पूरा हो चुका है। विभाग का प्रयास है कि योजना का कार्य जल्द से जल्द पूर्ण कर इसे जनता को समर्पित किया जाए।