संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। भारी बारिश से बद्दी से नालागढ़ तक सड़क को हुए नुकसान और जगह-जगह पड़े गड्ढों का मरम्मत कार्य शुरू कर दिया जाएगा। मरम्मत कार्य में कुल 31 लाख की राशि खर्च की जा रही है।
बद्दी से नालागढ़ तक 19 लाख खर्च किए जा रहे हैं जबकि पिंजौर से बद्दी तक 12 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। सड़क में पड़े गड्ढों की मरम्मत और अन्य कार्यों के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है जिसे एक सप्ताह में पूरा कर लिया जाएगा।
एसडीएम महेंद्र पाल गुर्जर ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के उच्च अधिकारियों और नालागढ़-बद्दी सड़क का निरीक्षण करने के बाद बैठक में जानकारी दी। राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों के साथ पूरे सड़क मार्ग का निरीक्षण किया है। साथ ही अधिक गड्ढे वाले स्पॉट को प्राथमिकता के आधार पर ठीक करने के निर्देश दिए हैं।
उधर, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के परियोजना निदेशक एसके शर्मा ने बताया कि नालागढ़-बद्दी-पिंजौर सड़क में पड़े गड्ढों से संबंधित मरम्मत कार्य की टेंडर प्रक्रिया को शुरू कर दिया है जिसे एक सप्ताह में पूरा किया जा रहा है।
टेंडर प्रक्रिया के बाद मौसम साफ होने पर तुरंत मरम्मत कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों के अलावा भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारी भी उपस्थित रहे।