अमर उजाला ब्यूरो
सोलन। पिछले 24 घंटों से रुक-रुककर हो रही बारिश ने किसानों के लिए आफत खड़ी कर दी है। सोलन में किसान इन दिनों खेत में तैयार हो रही नकदी फसल टमाटर की देखरेख में लगे हैं। टमाटर लगने से पौधों पर वजन पहले से बढ़ा हुआ है। ऐसे में बारिश से पौधे टूट रहे हैं। जिससे कच्चे-पक्के टमाटर मिट्टी में मिल रहे हैं। किसान बारिश के चलते फसल पर किसी तरह के कीटनाशक का भी छिड़काव नहीं कर पा रहे हैं। स्थानीय किसान रितेश कुमार, अमर सिंह मैहता, गुलजारी लाल, जोगिंद्र कुमार, राम लाल, बलदेव, अजय कुमार व अन्य का कहना है कि बारिश की वजह से टमाटर की फसल खराब हो रही है जिससे उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। गौरतलब है कि इन दिनों टमाटर के दाम आसमान छू रहे हैं और किसानों को इसकी भरपूर कीमत मिल रही है। लेकिन ऐसे में बारिश का कहर उनके कारोबार पर भारी साबित होता नजर आ रहा है।
बारिश से टमाटर पर पड़ते हैं काले धब्बे : डॉ. बवेजा
नौणी विश्वविद्यालय की वरिष्ठ वैज्ञानिक व कृषि विशेषज्ञ डॉ. परमिंद्र कौर बवेजा का कहना है कि बरसात की वजह से टमाटर में काले धब्बे पड़ सकते हैं। जिसके लिए टमाटर के पौधों को खड़ा रखना और जमीन को छू रहे पत्तों को तोड़ना बेहतर होता है।