अमर उजाला ब्यूरो
नालागढ़ (सोलन)। पेंशनर्स एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण संघ नालागढ़ इकाई ने बीएमओ से मिले पत्र पर नाराजगी जताई है। बीएमओ से आए पत्र को पेंशनरों ने मीटिंग में पढ़ा। इसमें कहा गया था कि अस्पताल में मात्र एक चिकित्सक का पद खाली है लेकिन पेंशनरों ने कहा कि अस्पताल में 30 बिस्तरों के हिसाब से स्वीकृत पद हैं। अतिरिक्त मुख्य सचिव ने यहां पर 100 बिस्तरों के अनुरूप 23 चिकित्सकों की घोषणा की थी जो आज तक पूरी नहीं हुई है। इसलिए खंड चिकित्सा अधिकारी इस मांग को उठाएं और पत्राचार कर के अस्पताल में चिकित्सकों के पद बढ़ाने का कार्य करें।
पेंशनर एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण संघ नालागढ़ इकाई की बैठक लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में आयोजित हुई। इसमें पेंशनरों ने अपनी समस्याओं और मांगों को लेकर जनता से विचार-विमर्श किया और प्रस्ताव पारित किए। संघ के प्रधान सीताराम ठाकुर ने कहा कि नालागढ़ अस्पताल में नेत्र रोग विशेषज्ञ एमडी मेडिकल रेडियोलॉजिस्ट आदि के पद रिक्त पड़े हैं जबकि नालागढ़ अस्पताल बहुत पुराना है और उपमंडल का केंद्र बिंदु है। यहां पर चिकित्सकों के पदों का सृजन होना चाहिए और इनकी संख्या 100 बिस्तरों के अनुरूप होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बैठक में एचआरटीसी पेंशनरों की समस्याओं पर भी विचार-विमर्श हुआ।
एचआरटीसी पेंशनरों की 2013 से एडीए की किस्तें बकाया है। उन्होंने प्रदेश सरकार से पंजाब सरकार की तर्ज पर पेंशनरों की सुविधाएं देने की पुरजोर मांग उठाई है। बैठक में संघ के महासचिव हेमराज भंडारी, वरिष्ठ उप प्रधान जगतार सिंह, उपप्रधान एसआर कौंडल, कोषाध्यक्ष ठाकर सिंह, ऑडिटर अमृतपाल, उपप्रधान केएन गुप्ता, जगतार सिंह राणा, प्रचार सचिव शिव कुमार शर्मा, कानूनी सलाहकार नरेश घई, जगदीश राम, हुकम सिंह, बक्शी राम, सोहन लाल, परमानंद, सुरेश चंद, भूपेंद्र सिंह, अर्जुन सिंह, रामकिशन, रामकिशन, लज्जा राम, जगतराम, बलदेव सिंह चंदेल, जगदीश सिंह, सुशील कुमार, अमरजीत सिंह, निक्का राम, मस्तराम, कैलाश चंद राणा, नसीब चंद, बंतराम सैणी, दिलीप सिंह राणा आदि मौजूद रहे।