नालागढ़ (सोलन)। उपमंडल के दभोटा निवासी अंतर्राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी राकेश कुमार को बंगलूरू राहिनोज की टीम का कोच नियुक्त किया गया है। वह हिमाचल के पहले कोच हैं जो आईआईपीएकेएल में किसी टीम को संवारेंगे। इस टीम को वह मुंबई के धारवाड़ में अभ्यास करवाएंगे और खिलाड़ियों को निपुण करके उन्हें कबड्डी के दांवपेंच सिखाएंगे।
पुणे, मैसूर व बंगलूरू में होने वाली इस लीग में 44 मुकाबले खेले जाएंगे, जिसमें 16 विदेशी खिलाड़ियों सहित कुल 160 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। आईआईपीएकेएल के इस पहले सीजन में आठ टीमें भाग ले रही हैं। इसमें बंगलूरू राहिनोज, चेन्नई चिताह, दिल्ली डूमर्ज, तेलंगाना बुल्ज, पटना पैंथर्स, हरियाणा हुरिकेनस, मुंबई मराठा व कोलकता टाइगर्र्स शामिल हैं। नालागढ़ के चार खिलाड़ियों का भी चयन हुआ है। राजपुरा गांव निवासी अभिनंदन कुमार व रमनजीत कुमार, पंजैहरा गांव निवासी लाभ कुमार व कल्याणपुर गांव निवासी राम दयाल शामिल हैं। दभोटा गांव निवासी राकेश कुमार बंगलूरू राहिनोज के कोच चुने गए हैं। राकेश कुमार ने वर्ष 1985 में पहली जूनियर नेशनल कबड्डी चैंपियनशिप खेली और इसके बाद दो और जूनियर नेशनल चैंपियनशिप में भाग लिया। इसके अलावा उन्होंने 7 सीनियर नेशनल खेले हैं। दिसंबर 1995 में राकेश कुमार ने पहली इंटरनेशनल चैंपियनशिप खेली और वह हिमाचल के पहले अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी बने। वह गोल्ड मेडलिस्ट रह चुके हैं और वर्ष 1993 में वह एनआईएस कोच बने। वह शिक्षा विभाग में पॉलिटिकल साइंस के लेक्चरर हैं और दभोटा स्कूल में पढ़ाते हैं।