नालागढ़ के एक स्कूल की विज्ञान की अध्यापिका पर नशा करके स्कूल में आने के आरोप लगे हैं। स्कूल प्रबंधन समिति की ओर से यह आरोप लगाए गए हैं। स्कूल प्रबंधन समिति और ग्रामीणों का कहना है कि यह अध्यापिका पिछले तीन दिन से स्कूल में आ रही है और स्कूल आते ही कमरे को बंद कर सो जा रही है। बच्चों पर इसका गलत प्रभाव पड़ रहा है। अध्यापिका का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें उसकी कार से शराब की बोतल भी मिलती हुई दिख रही है।
स्थानीय ग्रामीण फौजी रविंद्र सिंह और गुरपाल ने बताया कि अध्यापिका की ओर से पहले भी इसी तरह की हरकत की गई थी, जिस पर इसका मेडिकल हुआ था, लेकिन अभी तक उसकी रिपोर्ट नहीं आई है। अब दोबारा पिछले तीन दिन से स्कूल में आ तो रही है लेकिन प्रार्थना के बाद कमरे में सो जाती है। अध्यापिका को स्कूल प्रबंधन समिति की ओर से जगाया गया। बच्चे हर रोज घर आकर उसकी हरकतों की जिक्र घर पर करते हैं। बच्चों पर भी इसका गलत असर हो रहा है। उधर, अध्यापिका ने कहा कि वह लंबे समय से बीमार चल रही है। पीजीआई से उपचार चल रहा है। वह डिप्रेशन में रहती है और होम्योपैथी की दवा लेती है, जिसकी खुशबू शराब की तरह है। इसका पहला भी मेडिकल हुआ है, इसमें कोई नशा नहीं पाया गया। पिछले दो दिन से वह रात को सोई नहीं थी जिसके चलते उसे चक्कर आ रहे थे। वह कोई नशा नहीं करती।