कुफरी में सैलानियों की गाड़ियों को धक्का मारते हुए पुलिस के जवान।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला जिले के ऊपरी इलाकों में बर्फबारी और राजधानी के कई क्षेत्रों में ओलावृष्टि से सोमवार शाम यातायात की रफ्तार थम गई। ऊपरी शिमला के लिए कुफरी में फिसलन होने के कारण वाया बसंतपुर बसें भेजी गईं। इसके अलावा टुटू में भारी ओलावृष्टि के बाद नेशनल हाईवे शिमला-मंडी पर शाम के वक्त यातायात बाधित रहा।
राजधानी में सोमवार दोपहर तक मौसम साफ रहा लेकिन शाम होने तक अचानक मौसम ने करवट ले ली और बारिश का सिलसिला शुरू हो गया। कुफरी, नारकंडा समेत ऊपरी शिमला के कई इलाकों में बर्फबारी के कारण सोमवार शाम को यातायात व्यवस्था ठप हो गई। कुफरी में सड़क पर फिसलन के कारण रामपुर जाने वाले वाहनों को वाया बसंतपुर भेजा गया। एचआरटीसी ने भी एहतियात के तौर पर सोमवार शाम रामपुर, किन्नौर जाने वाली बसें वाया बंसतपुर रवाना कीं। बर्फबारी जारी रहने पर मंगलवार सुबह ऊपरी शिमला के लिए वाहनों की आवाजाही ठप रह सकती है।
शिमला शहर के साथ लगते टुटू में भी सोमवार शाम अचानक भारी ओलावृष्टि से सफेद चादर बिछ गई। इससे एनएच 205 पर ढांडा से लेकर हीरानगर तक शाम के समय यातायात बाधित हुआ। सड़क पर फिसलन होने के कारण देर शाम तक लंबा जाम भी लगा रहा। शहर में देर शाम तक रुक-रुक कर बारिश होती रही। अचानक शीतलहर बढ़ने से राजधानी में फिर ठिठुरन बढ़ गई है। शिमला शहर में देर रात तक सभी सड़कें और रास्ते बहाल हैं।