बर्फबारी और बारिश से हिमाचल शीतलहर की चपेट में है। हिमपात के कारण प्रदेश में सौ से अधिक रूट बंद हो गए हैं।
इनमें शिमला जिले में ही एचआरटीसी के 68 रूट शामिल हैं। बर्फबारी के कारण प्रदेश में 50 से अधिक बसें विभिन्न स्थानों पर फंसी हुईं हैं।
मौसम के बिगड़े मिजाज से सबसे ज्यादा शिमला और कुल्लू जिले प्रभावित हुए हैं।
उधर, शुक्रवार रात मंडी के गोहर इलाके में देवी का रथ लेकर गए 14 लोग बर्फ में फंस गए थे, स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से सभी लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है।
पिछले 24 घंटाें के दौरान चंबा के भरमौर का न्यूनतम तापमान -13 और केलांग का -8.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है।
प्रदेश में अधिकतम तापमान 19.2 ऊना में दर्ज हुआ। भरमौर, लाहौल-स्पीति और शिमला शहर के अलावा ठियोग, खड़ा पत्थर, नारकंडा आदि में ताजा बर्फबारी हुई है।
मंडी, कुल्लू, शिमला और कांगड़ा जिलों के कई स्थानों में बारिश दर्ज की गई है। ठंड का असर सामान्य जनजीवन पर पड़ना शुरू हो गया है।
शनिवार को शिमला में ही एचआरटीसी के करीब 68 बस रूट बर्फबारी एवं इसकी संभावना को देखते हुए प्रभावित हुए।
निगम ने रोहडू, चौपाल और नारकंडा के रास्ते रामपुर के लिए बसें नहीं भेजीं। रोहड़ू के लिए ट्रायल के लिए केवल एक बस 12:30 बजे भेजी गई।
शिमला जिले में विभिन्न स्थानों पर एचआरटीसी की 38 बसें फंसीं हैं।
कुफरी और नारकंडा में नेशनल हाईवे बंद होने के कारण रामपुर और रिकांगपिओ के लिए वाया मशोबरा बसें भेजी गईं। हालांकि, दोपहर बाद नारकंडा सड़क मार्ग आवाजाही के लिए खुल गया था। चौपाल के लिए भी देहा तक ही बसें भेजी जा सकीं।
कुल्लू जिले में बर्फबारी के कारण दो दर्जन ग्रामीण रूट बंद हैं जबकि 12 बसें नहीं चलीं। सिरमौर, कुल्लू, कांगड़ा जिलों की चोटियों पर ताजा बर्फबारी हुई।
रोहतांग दर्रा में 90 सेमी. तक फुट ताजा बर्फ रिकार्ड की गई तो जलोड़ी दर्रा में 60 सेमी., सोलंगनाला में 20 सेमी., मनाली में पांच सेमी., कोठी में 25 सेमी. और रघुपुरगढ़ में करीब 68 सेमी. बर्फ पड़ी है।
ऊंचाई वाले क्षेत्रों में 15 तक मौसम खराब
मौसम विभाग के शिमला केंद्र के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि 15 जनवरी तक ऊंचाई से मध्यम ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और बारिश की संभावना है।
मैदानी क्षेत्रों में 13 तक मौसम साफ रहेगा और 14 जनवरी को कहीं कहीं बारिश हो सकती है। इसका कारण जम्मू-कश्मीर के ऊपर से गुजर रहा पश्चिमी विक्षोभ है।