-दो दिवसीय कार्यशाला का समापन, प्रश्नोत्तरी के विजेताओं को बांटे पुरस्कार
-निंबस एकेडमी के विशेषज्ञों ने हिमाचल में होने वाली विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की दी जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
राजगढ़ (सिरमौर)। राजकीय महाविद्यालय राजगढ़ में कॅरिअर काउंसिलिंग एवं प्लेसमेंट सेल की ओर से निंबस एकेडमी फॉर आईएएस के सहयोग से आयोजित दो दिवसीय कार्यशाला शनिवार को समापन हुआ। अंतिम दिन विद्यार्थियों को हिमाचल प्रदेश में होने वाली विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं और उनकी तैयारी के बारे में जानकारी दी गई।
अकादमी के निदेशक राजीव, अर्कज शर्मा और दिनेश ने विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं से अवगत कराया। दूसरे सत्र में विद्यार्थियों को साक्षात्कार की विशेष तैयारी करवाई गई। समापन अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. मीनू भास्कर ने प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए। साथ ही कार्यशाला में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र प्रदान किए।
सेवानिवृत्त सह-प्राध्यापक रेखा और राजकीय महाविद्यालय सोलन की हिंदी सहायक प्राध्यापक डॉ. प्रियंका भारद्वाज विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कॅरिअर काउंसिलिंग सेल के संयोजक प्रो. प्रमोद ने अकादमी के विशेषज्ञों और अतिथियों का आभार जताया। उन्होंने भविष्य में भी विद्यार्थियों के लिए ऐसे उपयोगी कार्यक्रम आयोजित करने का आग्रह किया। इस अवसर पर प्रो. अंकुर, डॉ. हीरा छेत्री, डॉ. पंकज शर्मा और प्रो. विनोद मौजूद रहे।