शिवपुर स्कूल में आयोजित खेलकूद प्रतियोगिता में प्रतिभागी टीमों के साथ स्टाफ। संवाद
-कबड्डी में खोड़ोवाला ने ददाहू ब्लॉक को हराया
संवाद न्यूज एजेंसी
पुरुवाला (सिरमौर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शिवपुर में आयोजित जिला स्तरीय अंडर-14 छात्र वर्ग की तीन दिवसीय माइनर गेम्स प्रतियोगिता के दूसरे दिन खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों में दमखम दिखाया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के बीच रोमांचक और कड़े मुकाबले देखने को मिले।
कबड्डी मुकाबले में खोड़ोवाला ब्लॉक की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ददाहू ब्लॉक को मात दी। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने जीत के लिए जोरदार प्रदर्शन किया, लेकिन खोड़ोवाला की टीम ने बेहतर खेल का प्रदर्शन करते हुए मुकाबला अपने नाम किया।
वहीं, बैडमिंटन स्पर्धा में राजगढ़ और कफोटा ब्लॉक की टीमों ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल में जगह बनाने के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ियों में उत्साह है। अब खिताबी मुकाबले को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों की नजरें फाइनल पर टिकी हैं।
प्रतियोगिता के दूसरे दिन स्कूल परिसर में खिलाड़ियों, शिक्षकों और खेल प्रेमियों की चहल-पहल बनी रही। अलग-अलग खेलों में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन किया। जिला स्तरीय प्रतियोगिता के माध्यम से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और बड़े स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार होने का अवसर मिल रहा है।-