-ग्राम पंचायत मालगी में संगम परियोजना के अंतर्गत किया जा रहा कार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
पुरुवाला (सिरमौर)। ग्राम पंचायत मालगी में महिलाओं के सशक्तीकरण को लेकर काम किया जा रहा है। यहां ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में उपकरण वितरित किए जा रहे हैं, तो वहीं प्रशिक्षण भी प्रदान किया जा रहा है। सीबीईडी संस्था एवं एलआईसी हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड के संयुक्त तत्वावधान में संचालित संगम परियोजना के अंतर्गत यह कार्य किया जा रहा है। परियोजना प्रबंधक सुधाकर तथा कृषि एवं उद्यानिकी विशेषज्ञ गोपाल कृष्णा ने बताया कि परियोजना का मुख्य उद्देश्य महिलाओं की आय में वृद्धि कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।
मालगी पंचायत की पूर्व प्रधान सीमा कपूर ने कहा कि यह परियोजना ग्राम पंचायत मालगी के गांवों मालगी, दध्यात, सालग सड़ड़ी, कांडों एवं नाड़ी तथा ग्राम पंचायत छछेती के अंतर्गत छछेती और सरा गांवों में संचालित की जा रही है।
परियोजना के तहत प्रत्येक गांव में कृषि उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं तथा सोलर लाइट्स स्थापित की गई हैं। इससे ग्रामीणों को सुविधा मिल रही है। इसके साथ ही महिला कृषकों को कृषि एवं बागवानी के क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण भी समय-समय पर दिया जा रहा है।
इन प्रयासों से क्षेत्र की महिलाओं में उत्साह देखने को मिल रहा है। महिलाएं अब कृषि कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभा रही हैं और अपनी आय बढ़ाने के नए अवसर तलाश रही हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस परियोजना ने न केवल महिलाओं की आर्थिक स्थिति को मजबूत किया है, बल्कि उनके आत्मविश्वास और सामाजिक भागीदारी में भी वृद्धि की है।
संवाद