बजट न होने का तर्क देकर विभाग ने झाड़ा पल्ला
संवाद न्यूज एजेंसी
ददाहू (सिरमौर)। प्रदेश में अपना महत्वपूर्ण स्थान रखने वाली रेणुका वेटलैंड अपने ही दिन को यादगार न बना सकी। यहां हर वर्ष दो फरवरी को विश्व वेटलैंड दिवस का आयोजन होता आया है। पहली बार यहां रेणुकाजी में वेटलैंड दिवस का आयोजन नहीं किया गया। रेणुका वेटलैंड प्रदेश में ही नहीं अपितु देशभर में अपना महत्वपूर्ण स्थान रखती है।
यहां वन्य प्राणी विभाग के सौजन्य से वेटलैंड दिवस का आयोजन होता है लेकिन इस मर्तबा विभाग वेटलैंड दिवस मनाने को लेकर बजट का प्रावधान करना ही भूल गया। इस कारण वेटलैंड दिवस को बड़े पैमाने पर मनाया न जा सका।
गौरतलब है कि रेणुकाजी में केवल दो स्कूलों के करीब 15-20 बच्चों को बुला कर उनसे बर्ड वाचिंग (पक्षियों की पहचान) करवाई गई। इसके अलावा किसी भी प्रकार का कोई कार्यक्रम आयोजित नहीं किया गया। जबकि वन्य प्राणी विभाग रेणुका वेटलैंड को लेकर हमेशा से ही बड़े दावे करके इसके संरक्षण की दुहाई देता आया है। हालांकि इस संदर्भ में वन्य प्राणी विभाग के आला अधिकारियों से जानकारी लेना चाही लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो पाया।
वन्य प्राणी विहार रेणुका के कार्यवाहक आरएफओ राकेश कुमार ने बताया कि वेटलैंड दिवस के आयोजन को लेकर बजट का प्रावधान न होने के कारण इसे बड़े स्तर पर नहीं मनाया गया। अपने स्तर पर ही दो स्कूलों से बच्चों को बुला कर उनसे केवल बर्ड वाचिंग ही करवाई गई ताकि प्रवासी पक्षियों के प्रति बच्चों कि ज्ञानवर्धन हो सके।
-संवाद