नाहन शहर में छाए कोहरे का विहंगम दृश्य।
- फोटो : NAHAN
नाहन (सिरमौर)। एक हफ्ते से जिला मुख्यालय नाहन सहित निचले इलाके घने कोहरे के आगोश में हैं। इससे क्षेत्र में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। कई जगह हालत ऐसी है कि दिनभर सूर्यदेव के दर्शनों के लिए भी लोग तरस गए हैं। इससे न केवल फसलों को नुकसान पहुंच रहा है बल्कि वाहन चालकों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सड़कें घने कोहरे से लिपटी होने के कारण चालकों का गाड़ी चलाना काफी दुभर हो गया है। इससे हादसों का भी खतरा पैदा हो गया है। कई क्षेत्रों में विजिबिलिटी जीरो होने के कारण वाहन चालकों को दिन के समय भी हैड लाइटों का सहारा लेना पड़ रहा है। बता दें कि कालाअंब आदि मैदानी क्षेत्रों से कोहरा जिला मुख्यालय की ओर बढ़ रहा है। निचले क्षेत्रों में पिछले एक माह से कोहरे से लोग परेशानी झेल रहे हैं। अब कोहरे ने पहाड़ों की ओर रुख कर दिया है।
निचले क्षेत्रों में कोहरे से गेहूं की फसल को भी नुकसान पहुंच रहा है। साथ ही अन्य नकदी फसलों और सब्जियों को भी कोहरे ने अपनी चपेट में ले रखा है। घने कोहरे के चलते जिला मुख्यालय नाहन में इन दिनों शीतलहर का प्रकोप काफी बढ़ गया है। लोग अलाव के सहारे ठंड को भगा रहे हैं। वाहन चालक रमेश कुमार, संजीव, हीरापाल, रणदीप और राजेश ने बताया कि इन दिनों कोहरे के चलते सड़क पर वाहन चलाने में दिक्कतें आ रही हैं। इससे हर समय हादसों का खतरा बना हुआ है। उन्होंने बताया कि कालाअंब, मोगीनंद, नाहन, जडजा, सेन की सैर, कांशीवाला और पांवटा साहिब की तरफ के कई हिस्सों में इन दिनों घने कोहरे की चादर बिछी है जिससे लोग भारी परेशानी झेल रहे हैं।
..................