डोबरी सालवाला पंचायत की 500 बीघा भूमि को मिलेगी सिंचाई सुविधा
ट्यूबवैल सिंचाई योजना पर करीब 50 लाख बजट खर्च होगा : जितेंद्र
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। ग्राम पंचायत डोबरी सालवाला के वार्ड-8 मोहल्ला में लगभग 50 लाख से बनने वाली सिंचाई ट्यूबवेल योजना का भूमि पूजन किया गया। प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष एवं पांवटा क्षेत्र के पूर्व विधायक किरनेश जंग चौधरी ने वीरवार को भूमि पूजन किया। योजना से करीब पांच सौ बीघा भूमि को सिंचाई सुविधा मिल सकेगी।
पूर्व विधायक चौधरी किरनेश जंग ने कहा कि प्रदेश सरकार हर खेत को जल मुहैया करवाने के लिए प्राथमिकता से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सालवाला में इस 12 इंची ट्यूबवेल योजना के बनने से करीब 400-500 बीघा भूमि को सिंचाई योग्य जल उपलब्ध होगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार के वर्तमान कार्यकाल में इस गिरिपार क्षेत्र के गांव बोहलियों, भगानी तथा आज सालवाला के किसानों को तीसरी सिंचाई योजनाओं की सौगात मिली है।
जलशक्ति विभाग पांवटा के अधिशासी अभियंता जितेंद्र ठाकुर ने बताया कि पांवटा विधानसभा क्षेत्र में सब डिविजन पुरुवाला में डेढ़ करोड़ से तीन ट्यूबवेल सिंचाई योजनाओं का निर्माण किया जा रहा है। वीरवार को तीसरी बड़ी सिंचाई ट्यूबवेल योजना का पूर्व विधायक किरनेश जंग ने भूमि पूजन कर बोरिंग कार्य शुरू किया। इस ट्यूबवेल योजना पर करीब 50 लाख का बजट खर्च होगा।
इससे पहले स्थानीय पंचायत प्रधान प्रेम सिंह, युवा नेता प्रदीप चौहान समेत गांव की दर्जनों महिलाओं और किसानों ने पूर्व विधायक किरनेश जंग का स्वागत किया। समस्याओं से भी अवगत करवाया। ग्रामीणों की मांगों और समस्याओं का मौके पर ही समाधान कर दिया गया।
इस अवसर पर जल शक्ति विभाग के एसडीओ देवानंद पुंडीर, पंचायत प्रधान प्रेम सिंह, परविंदर सिंह, विकास शर्मा, दर्शन सिंह मौजूद रहे।