नाहन के वार्ड नंबर एक में कम पानी मिलने से लोग परेशान, पांच मिनट हो रही सप्लाई
-सुबह साढ़े सात बजे की जगह साढ़े नौ से साढ़े दस बजे तक छोड़ा जा रहा पानी, नौकरीपेशा लोगों और बुजुर्गों की बढ़ी परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। शहर के वार्ड नंबर एक में चार्जन मोहल्ले की ओर जाने वाली गली में पेयजल आपूर्ति को लेकर लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि विभाग की दो पेयजल लाइनों में से एक में तो पर्याप्त पानी मिल रहा है, लेकिन दूसरी लाइन में बेहद कम पानी छोड़ा जा रहा है। ऐसे में एक तरफ से लोगों को अतिरिक्त पानी मिल रहा है जबकि दूसरी तरफ से लोग परेशान हैं। कई बार यहां महज पांच मिनट तक ही पानी की सप्लाई मिलती है। इससे लोगों को रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासी राजेश कौशिक, मीरा, सुनीता और आशा आदि ने बताया कि पेयजल संकट के साथ सप्लाई का समय भी परेशानी का कारण बना हुआ है। क्षेत्र में पानी छोड़ने का समय सुबह साढ़े सात बजे निर्धारित है, लेकिन कई बार साढ़े नौ से साढ़े दस बजे तक पानी छोड़ा जाता है। समय तय न होने के कारण नौकरीपेशा लोगों, कामकाज के लिए घर से बाहर जाने वालों और बुजुर्गों को घंटों पानी का इंतजार करना पड़ता है।
लोगों का कहना है कि समस्या को लेकर संबंधित कर्मी से कई बार गुहार लगाई जा चुकी है, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ। स्थानीय लोगों ने विभाग से मांग की है कि दोनों लाइनों में पर्याप्त मात्रा में पानी छोड़ा जाए और सप्लाई का समय भी निर्धारित किया जाए, ताकि लोगों को रोजाना की परेशानी से निजात मिल सके।
जलशक्ति विभाग के सहायक अभियंता रोशन चंद ने बताया कि उन्हें मीडिया के माध्यम से समस्या की जानकारी मिली है। यदि पानी की सप्लाई निर्धारित समय पर नहीं हो रही है और पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं छोड़ा जा रहा है तो स्थानीय लोगों से बात कर समस्या के समाधान के लिए संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे।-