नाहन (सिरमौर)। सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग नाहन शहर में पेयजल समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं निकाल पाया है। शहर में दिन-प्रतिदिन पेयजल संकट बढ़ रहा है। विभाग की लचर कार्यप्रणाली के कारण लोग पानी के लिए तरस रहे हैं। इसको लेकर मंगलवार को नगर परिषद् नाहन की चेयरमैन अनीता शर्मा की अगुवाई में पार्षद व स्थानीय लोग एडीएम सिरमौर से मिले। प्रतिनिधिमंडल ने एडीएम एचएस नेगी से पेयजल किल्लत को दूर करने की मांग की। नप चेयरमैन अनीता शर्मा ने बताया कि पिछले कई दिनों से शहर में पानी का संकट चला हुआ है।
विभाग पेयजल किल्लत को दूर करने में नाकाम साबित हो रहा है। लिहाजा लोगों को भारी भरकम दाम चुकाकर टैंकर से पानी की आपूर्ति करनी पड़ रही है। कई लोग हैंडपंपों से अपनी प्यास बुझा रहे हैं। दिन प्रतिदिन लोगों की परेशानी बढ़ रही है, लेकिन विभाग मूकदर्शी बनकर बैठा है।
उन्होंने कहा कि आईपीएच विभाग से बार-बार आग्रह करने के बाद भी पेयजल समस्या जस की तस बनी हुई है। इससे शहरवासियों का विभाग के खिलाफ आक्रोश बढ़ रहा है। विभाग चार-पांच दिन बाद पानी की मात्र 10 मिनट के लिए पानी की आपूर्ति करता है, लेकिन उसका भी निर्धारित समय नहीं है। ऐसे में जनता भारी परेशानी झेल रही है। उन्होंने एडीसी से गुहार लगाई कि शहर में पानी की व्यवस्था सुचारु कराई जाए। नाहन शहर में पानी के टैंकर लगाए जाएं। साथ ही बांकुवाला में व्यर्थ बह रहे पानी को इस्तेमाल करने के लिए विभाग जल्द से जल्द कार्रवाई करे।
इस मौके पर पार्षद मधु अत्री, रेखा तोमर, शुभम सैनी, प्रदीप सहोत्रा, अविनाश गुप्ता, श्याम पुंडीर व नीलम सैनी आदि उपस्थित थे।