संगड़ाह (सिरमौर)। डाहर गांव में पिछले एक सप्ताह से पानी की आपूर्ति ठप है। इस कारण ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी में लोग पानी के लिए इधर-उधर भटकने को विवश हो गए हैं। ग्रामीणों को करीब एक किलोमीटर दूर से पानी का प्रबंध करना पड़ रहा है।
सिरमौर जिले में इन दिनों पानी का गंभीर संकट है। जिला के कई गांवों में पानी के लिए हाहाकार मच गया है। संगड़ाह उपमंडल के डाहर गांव में भी इन दिनों ऐसे ही हालात है।
ग्रामीण मणि शर्मा, मेला राम, बाबू राम, ईश्वर चंद, रवि शर्मा, रीता देवी ने बताया कि पानी की किल्लत के कारण ग्रामीणों को एक किलोमीटर दूर से पानी लाना पड़ रहा है। महिलाएं सिर पर पानी उठाकर लाने को विवश है। उन्होंने बताया कि इस गांव के लिए ग्रेविटी की एक अन्य योजना बनी है, लेकिन वह लंबे अरसे से बंद है। करीब 200 की आबादी वाले इस गांव के लोगों को पीने के पानी की समस्या के साथ ही मवेशियों के लिए भी पानी मुहैया करवाना मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों ने विभाग से आग्रह किया है कि जल्द उनकी समस्या का समाधान किया जाए। उधर, आईपीएच विभाग के कनिष्ठ अभियंता सरोच कुमार शर्मा ने बताया कि जल्द ही पेयजल योजना को ठीक किया जाएगा।