नाहन (सिरमौर)। नाहन इलाके की आमवाला-सैनवाला में बिगड़ी पेयजल व्यवस्था को लेकर सोमवार को पंचायत प्रधान संदीपक की अध्यक्षता करीब डेढ़ दर्जन ग्रामवासियों का एक प्रतिनिधिमंडल जिला प्रशासन से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने गांव में पेयजल की उचित व्यवस्था व टैंकों की सफाई और बंद पड़े टैंकों को उपयोग में लाने के लिए जल्द आदेश जारी करवाने के लिए आग्रह किया।
पंचायत प्रधान संदीपक ने कहा कि गांव में 6-7 महीनों से पेयजल आपूर्ति नियमित रुप से नहीं की जा रही है। यही नहीं विभाग की ओर से पानी भंडारण टैंकों को सुरक्षा के नजरिये से तालाबंदी भी नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा सफाई के उद्देश्य से टैंक खाली तो करवा दिए गए, मगर न तो उनकी अभी तक सफाई हुई है और न ही उन्हें ढका गया है। इसके चलते क्षेत्र में पेयजल का संकट गहरा गया है।
पंचायत प्रधान का कहना है कि उन्होंने विभाग को इस बाबत कई बार सूचित किया है, मगर विभाग द्वारा अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। पंचायत प्रधान ने बताया कि विभाग यह दलील देता है कि उनके पास स्टाफ की कमी है। जिला प्रशासन को सौंपे ज्ञापन में उन्होंने आईपीएच विभाग में रिक्त पदों को जल्द भरवाए जाने की भी मांग की है।
उधर, आईपीएच विभाग के अधिकारियों के मामला संज्ञान में आते ही विभाग के जेई प्रदीप कुमार ने आमवाला सैनवाला पंचायत का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत प्रधान के साथ पेयजल की पूरी व्यवस्था को जांचा। इस अव्यवस्था में सबसे बड़ी कमी यह भी नजर आई कि गांव में कुछ लोगों द्वारा सीधे लाइन से मोटरें लगाई गई हैं। इस पर पंचायत प्रधान ने विभाग को आश्वासन दिया कि यदि कोई सीधे लाइन से मोटर लगाएगा तो उसका पानी का कनेक्शन काट दिया जाएगा। बहरहाल विभाग ने पंचायत के विभिन्न वार्डों में जल्द ही पेयजल आपूर्ति को नियमित व बाधा रहित बनाने के लिए प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
इस मौके पर फरीदा, मीना, रामेश्वर, यादराम, रजवाना, तब्बसुम, शबरी, शहनाज, नाजिम, रेश्मा, नसीब जहां, बिस्मिला, काकी देवी, रुकमनी, मीर बेगम व जीना सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।