पेयजल योजना बंद होने से 25 से अधिक परिवार प्रभावित
ग्रामीणों में रोष, जल्द आपूर्ति बहाल न होने पर आंदोलन की दी चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। बनेठी पंचायत के गौंत और बनाहां गांव में पेयजल संकट गहरा गया है। पिछले पांच दिन से पेयजल आपूर्ति ठप होने के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि लोगों को दूरदराज के स्रोतों से पानी ढोकर लाना पड़ रहा है। भीषण गर्मी के बीच जलसंकट ने ग्रामीणों की चिंता और बढ़ा दी है।
जलशक्ति विभाग के बनेठी सेक्शन के अंतर्गत आने वाली गौंत पेयजल योजना सात जून से बंद पड़ी है। बताया जा रहा है कि योजना के संचालन से जुड़े कर्मचारियों ने मानदेय नहीं मिलने के कारण कार्य बंद कर दिया है, जिससे क्षेत्र की जलापूर्ति पूरी तरह प्रभावित हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में विभागीय अधिकारियों को अवगत करवाया जा चुका है, लेकिन अभी तक कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई है।
गौंत पेयजल योजना के माध्यम से गौंत, बनाहां, भेड़े की सेर, गुलाब की सेर और दधोग सहित कई बस्तियों के 25 से अधिक परिवारों को पेयजल उपलब्ध कराया जाता है। योजना बंद होने से सभी गांव प्रभावित हैं, लेकिन सबसे अधिक परेशानी बनाहां गांव के लोगों को उठानी पड़ रही है। यहां लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने के लिए पानी ढोकर लाना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि गर्मी के मौसम में पानी की मांग पहले ही बढ़ जाती है। ऐसे में लगातार पांच दिन से जलापूर्ति बंद रहने से स्थिति गंभीर हो गई है। पेयजल संकट के कारण घरेलू कार्य प्रभावित हो रहे हैं और पशुपालकों को भी मवेशियों के लिए पानी जुटाने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण हुनर सिंह, तपेंद्र सिंह, बलिंद्र सिंह, सिरमौर सिंह और कमलेश कुमार ने बताया कि कई बार विभाग को समस्या से अवगत करवाया गया है, लेकिन अभी तक समाधान नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द पेयजल आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो ग्रामीण आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।
जलशक्ति विभाग मंडल नाहन के अधिशासी अभियंता देवानंद पुंडीर ने बताया कि मार्च में संबंधित योजनाओं का संचालन करने वाले ठेकेदारों का अनुबंध समाप्त हो गया था। इसके बाद नई टेंडर प्रक्रिया समय पर पूरी नहीं हो पाई। उन्होंने कहा कि विभाग वैकल्पिक व्यवस्था करने में जुटा है और जल्द ही योजना का संचालन सुचारु कर पेयजल आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।