-सहकारी बैंक की नारग शाखा ने आयोजित किया जागरूकता शिविर
संवाद न्यूज एजेंसी
सराहां (सिरमौर)। हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक की नारग शाखा की ओर से ग्राम पंचायत महलोग लाल टिक्कर के मढ़ीघाट गांव में वित्तीय एवं डिजिटल साक्षरता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं और सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई।
बैंक के शाखा प्रबंधक संजीव गौतम ने केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं के बारे में ग्रामीणों को अवगत करवाया। उन्होंने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और अटल पेंशन योजना में नामांकन के लिए ग्रामीणों को प्रोत्साहित किया। इस दौरान ग्रामीणों को एटीएम से होने वाली ठगी और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के उपाय भी बताए गए।
उन्होंने कहा कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ एटीएम, बैंक खाते, ओटीपी या अन्य गोपनीय बैंकिंग जानकारी साझा न करें। शिविर में बैंक की ऑनलाइन सेवाओं और विभिन्न डिजिटल एप के इस्तेमाल के बारे में भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम में महिलाओं के साथ पुरुषों और बुजुर्गों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया।