नाहन (सिरमौर)। दीपावली के बाद बुधवार को विश्वकर्मा दिवस के मौके पर जिला सिरमौर में विभिन्न स्थानों पर कर्मचारियों ने औजारों की पूजा अर्चना की। एचआरटीसी नाहन की कर्मशाला और जलशक्ति विभाग नाहन के कार्यालय में कर्मचारियों ने देवशिल्पी भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
कर्मचारियों ने सर्वप्रथम भगवान विश्वकर्मा के मंदिर में शीश नवाया। साथ ही अपने औजारों की साफ-सफाई करते हुए उनकी पूजा की। लोक निर्माण विभाग की कर्मशाला में भी सभी कर्मचारियों ने अपने औजारों की पूजा-अर्चना की। परिवहन निगम की कर्मशाला में आरएम राम दयाल के नेतृत्व में कर्मचारियों ने औजारों की पूजा-अर्चना की।
जलशक्ति विभाग नाहन के कार्यालय में भी कर्मचारियों ने सुपरवाइजर अजय कुमार शर्मा के नेतृत्व में औजारों की पूजा की। गौरतलब है कि हिंदू धर्म में विश्वकर्मा को निर्माण और सृजन का देवता माना जाता है। इनका जन्म समुद्र मंथन से हुआ था। भगवान विश्वकर्मा की जयंती वैसे तो पहले होती है, लेकिन गोवर्धन पूजा के दिन भी इनकी विशेष पूजा किए जाने का प्रावधान हैं।