श्री रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र का विकास एकमात्र लक्ष्य : विनय कुमार
विधानसभा उपाध्यक्ष का नाहन और ददाहू में हुआ जोरदार स्वाागत
संवाद न्यूज एजेंसी
ददाहू/नाहन (सिरमौर)। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के उपाध्यक्ष बनने के बाद पहली बार विनय कुमार रविवार को गृह विधानसभा क्षेत्र श्री रेणुकाजी पहुंचे जहां जगह-जगह बड़ी संख्या में लोगों ने उनका गर्मजोशी के साथ पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ स्वागत किया।
विनय कुमार सीधे मां श्री रेणुका जी और भगवान परशुराम के दरबार में पहुंचे और पूजा-अर्चना करके आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद ददाहू में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए विनय कुमार ने कहा कि रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र का विकास उनका एकमात्र लक्ष्य है और वह रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र को विकास की ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।
उन्होंने क्षेत्र की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें तीसरी बार हिमाचल प्रदेश विधानसभा में भेजा है जिसके फलस्वरूप आज उन्हें प्रदेश विधानसभा उपाध्यक्ष का पद मिला है।
विनय कुमार ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का विशेषतौर पर आभार व्यक्त किया है, जिन्होंने उन्हें प्रदेश विधानसभा का उपाध्यक्ष बनाया है। उन्होंने उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री का भी आभार जताया। इसी बीच उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का भी स्मरण किया जिनके कार्यकाल में वह मुख्य संसदीय सचिव बने और रेणुका विधानसभा क्षेत्र के विकास को गति मिली।
विनय कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू जल्द ही विधानसभा क्षेत्र का दौरा करेंगे और जितने भी विकास के कार्य हैं उन सबको स्वीकृत करवाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि वह रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र के लोगों की समस्याओं से भली-भांति अवगत हैं और उनका प्रयास रहेगा कि समय-समय पर क्षेत्र की जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं का समाधान किया जाए।
इससे पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष ने सर्किट हाउस नाहन में जिला अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि शासन व प्रशासन से लोगों को बहुत सी अपेक्षाएं रहती हैं। इन्हें पूरा करने के लिए सभी अधिकारी समर्पण भाव, निष्ठा और ईमानदारी के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि सरकार की प्रत्येक योजना का लाभ पात्र व्यक्ति को समय पर मिलना चाहिए।
इस अवसर पर पूर्व विधायक कंवर अजय बहादुर, जिला कांग्रेस अध्यक्ष आनंद परमार, अध्यक्ष कांग्रेस मंडल रेणुकाजी तपेंद्र चौहान, रेणुकाजी विधान सभा के प्रभारी विनोद जिंटा, महामंत्री कांग्रेस मंडल मित्तर सिंह तोमर, पीसीसी सदस्य यशपाल, अध्यक्ष पंचायत समिति तेजेंद्र तोमर आदि मौजूद रहे।
सर्किट हाउस नाहन में विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार का स्वाागत करते कार्यकर्ता। संवाद