जिला स्तरीय प्रतियोगिता में विभिन्न शिक्षा खंडों के 55 स्कूलों ने लिया हिस्सा
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। हिमाचल संस्कृत अकादमी शिमला की ओर से शमशेर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (छात्र) नाहन में जिला स्तरीय संस्कृत स्पर्धाओं का आयोजन किया गया। इसमें जिले के विभिन्न शिक्षा खंडों से आए 55 स्कूलों के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक राजीव ठाकुर ने किया जबकि अध्यक्षता पूर्व सचिव मस्तराम शर्मा ने की।
समापन समारोह में उप निदेशक उच्चतर शिक्षा चमन लाल ने की। प्रतियोगिता के अंतिम परिणामों में वेद मंत्र उच्चारण स्पर्धा में उच्च माध्यमिक पाठशाला भंगानी की छात्रा स्मृति ने पहला, सिरमौरी ताल स्कूल के दिव्याक्ष ने दूसरा और गोजर स्कूल के ईशान शर्मा ने तीसरा व शरली स्कूल के अंकुश ने चौथा स्थान हासिल किया। इस स्पर्धा का का संचालन प्रवीण कुमार ने किया।
श्लोक उच्चारण स्पर्धा में उर्वशी ने पहला, प्रतिज्ञा ने दूसरा, अवनति कौर ने तीसरा और हर्षित ठाकुर ने चौथा स्थान पाया। इस स्पर्धा का संचालन वेद प्रकाश शर्मा ने किया। भाषण स्पर्धा में मंडवाच स्कूल की साक्षी, छोगटाली स्कूल की रिया, नाहन कन्या स्कूल की समायरा व शैजला ठाकुर ने क्रमश: पहले, दूसरे, तीसरे व चौथे स्थान पर जीत दर्ज की। इस स्पर्धा का संचालन ज्ञानेश्वर शर्मा ने किया।
संस्कृत गीतिका में मानगढ़ स्कूल की आरूषि सिसोदिया ने पहला, जामली स्कूल के शिवम ने दूसरा, चौरास स्कूल के सचिन ने तीसरा व गलानाघाट स्कूल की प्रेरणा ने चौथा स्थान पाया। इस स्पर्धा का संचालन दलीप विशिष्टि ने किया।
इस अवसर पर डॉ गिरिराज शर्मा, आचार्य ओम प्रकाश राही, डॉ लीलाधर, प्राचार्य डॉ संदीप कुमार, अमित शर्मा, विनोद शर्मा, कार्यवाहक प्रधानाचार्य शिवा अग्रवाल आदि मौजूद रहे।