पांवटा साहिब (सिरमौर)। यमुना नदी में एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ है। सूचना मिलने के बाद पांवटा साहिब थाना प्रभारी की टीम ने शव कब्जे में लिया है। फिलहाल अभी शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। अज्ञात शव को पुलिस ने शव विच्छेदन गृह में रखा है।
जानकारी के अनुसार स्थानीय लोगों ने सूचना दी कि यमुना नदी के बीच में पत्थर के साथ औंधे मुंह गला-सड़ा शव पड़ा है। इसके बाद एसडीएम विवेक महाजन, डीएसपी बीर बहादुर और एसएचो अशोक चौहान मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लोगों की मदद से शव को पानी से बाहर निकाल कर शव गृह भेजा।
शव देखने में महिला का प्रतीत हुआ है। मृतक ने हुड व जींस की पेंट पहनी हुई थी लेकिन कपड़े भी सड़ चुके हैं। इसकी स्थानीय लोगों से भी शिनाख्त करवाई गई। शिनाख्त न होने पर पुलिस ने पड़ोसी राज्य उत्तराखंड के विकासनगर, सहसपुर और पुलिस चौकी कुल्हाल व हरियाणा पुलिस को भी अवगत करवा दिया है। मृतक की जींस का कपड़ा सड़ चुका था। कमर में काली बेल्ट हैं। शव के बाएं पांव व दाएं हाथ की कलाई में काला धागा बंधा पाया गया है। फिलहाल पुलिस ने शव को विच्छेदन गृह में शिनाख्त के लिए रखा है। डीएसपी बीर बहादुर ने बताया कि फिलहाल सीआरपीसी 174 की कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के आधार पर अंतिम कार्रवाई की जाएगी।