ऑल कम्यूनिटीज पांवटा साहिब की ओर से आयोजित भंडारे में भोजन करते आपदा प्रभावित परिवार। संवाद
ऑल कम्युनिटीज श्री पांवटा साहिब ने शेड बनाने का भी दिया आश्वासन
संवाद न्यूज एजेंसी
पुरूवाला (सिरमौर)। उपमंडल पांवटा के बांगरण-शमशेरगढ़ गांव में गिरि नदी से हुए भूमि कटाव से प्रभावित दो दर्जन परिवारों के लिए ऑल कम्युनिटीज श्री पांवटा साहिब ने अटूट भंडारे का आयोजन किया। इस दौरान संगठन ने बेघर परिवारों को शेड बनाकर देने का भरोसा भी दिलाया।
संगठन के पदाधिकारी पृथ्वी चंद, कमल चौधरी ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें हिम्मत और हौसला बंधाया। उन्होंने भविष्य में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। इस मौके पर संगठन ने सरकार और प्रशासन पर भी सवाल उठाए। पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि अवैध खनन माफिया और क्रशर मालिकों की मिलीभगत से ही यह स्थिति पैदा हुई है। गिरि नदी में गहरी खोदाई और खनन संबंधी शिकायतों पर कार्रवाई न करना प्रशासन की बड़ी लापरवाही है।
उन्होंने कहा कि इसी लापरवाही के कारण आज आम जमींदार भूखा मरने की स्थिति में है और प्रभावित परिवार भारी संकट झेल रहे हैं। इसके बावजूद प्रशासन ने प्रभावित परिवारों के लिए स्थायी पुनर्वास की व्यवस्था नहीं की है।