नाहन में यूको बैंक की ओर से आयोजित कार्यक्रम में लाभार्थी को चेक प्रदान करते उपायुक्त सिरमौर।
- फोटो : NAHAN
नाहन (सिरमौर)। जिला के अग्रणी बैंक यूको बैंक ने सोमवार को चौगान मैदान में एक दिवसीय ऋण उन्मुखी कदम एवं ग्राहक संपर्क कार्यक्रम आयोजित किया जिसमें उपायुक्त सिरमौर राम कुमार गौतम ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की।
कार्यक्रम में सिरमौर में कार्यरत सभी सरकारी बैंकों ने शिरकत की। इस दौरान युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के लिए 464 लाभार्थियों को विभिन्न बैंकों के माध्यम से 24 करोड़ 5 लाख रुपये के ऋण प्रकरण स्वीकृत किए गए। उपायुक्त राम कुमार गौतम ने 50 ऋणियों को स्वीकृति पत्र भी प्रदान किए।
अपने संबोधन में उपायुक्त राम कुमार गौतम ने कहा कि ऋण के द्वारा जहां एक ओर लोगों को रोजगार के अवसर उपलब्ध होते हैं, वहीं दूसरी ओर देश की आर्थिकी भी मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि बैंक और देश की आर्थिकी के बीच ग्राहक महत्वपूर्ण कड़ी के रुप में कार्य करता है।
उपायुक्त ने सभी बैंकों के प्रमुखों से ग्राहकों को ऋण लेने के समय सहायता प्रदान करने का आह्वान किया ताकि ग्राहक को ऋण लेते समय कठिनाई का सामना न करना पड़े।
इस मौके पर उपायुक्त ने जिला में कार्यरत 13 विभिन्न बैंकों की ओर से लगाए गए हेल्पडेस्क का भी निरीक्षण किया। इस अवसर पर उप महाप्रबंधक युको बैंक शिमला एसएस नेगी ने मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए बैंक की ओर से दी जा रही विभिन्न प्रकार की सेवाओं के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की।
इस अवसर पर प्रबंधक अग्रणी बैंक राजेश अरोड़ा, सर्कल हेड पीएनबी संजीव कुमार, एलडीओ आरबीआई शिमला भरतराज, आनंद सहित विभिन्न बैंकों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।