पांवटा साहिब(सिरमौर)। पांवटा पुलिस ने हरियाणा सीमा पर 200 नशीले कैप्सूल के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी हरियाणा से नशीले कैप्सूल को लेकर पांवटा की तरफ आ रहे थे। बहराल नाके में आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार पांवटा साहिब पुलिस ने बहराल में नाका लगाया था। नाके में मुख्य आरक्षी तेजेंद्र सिंह व नवीन वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इस बीच हरियाणा की तरफ से आई बाइक को पूछताछ के लिए रोका। तलाशी के दौरान प्लास्टिक के लिफाफे से 200 नशीले कैप्सूल बरामद हुए।
आरोपियों की पहचान बंटी(25) निवासी केदारपुर और किशनलाल(21)निवासी घुतनपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। डीएसपी पांवटा साहिब बीर बहादुर ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि हरियाणा-हिमाचल राज्य सीमा पर नाके के दौरान दोनों आरोपियों से 200 नशीले कैप्सूल बरामद किए गए। मामले में छानबीन की जा रही है।