नाहन स्थित दो नामी ज्वेलर के यहां आयकर विभाग ने छापेमारी कर दस्तावेज अपने कब्जे में लिए। वीरवार सुबह छोटा चौक पहुंची टीम ने दस्तावेजों को खंगालने में जुट गई है। छापेमारी के लिए बाकायदा पुलिस जवानों की भी सहायता ली गई। इससे पूरे शहर में सनसनी फैल गई है। दुकानों के भीतर दाखिल होते ही टीम ने शटर बंद करवा दिए। बताया जा रहा है कि आयकर विभाग की परवाणू और नाहन की टीम ने संयुक्त रूप से छापा मारा है।
आय से अधिक संपत्ति के मामले में आयकर विभाग कड़ी नजर रखे हुए है। सूत्र बताते हैं कि इनकम टैक्स रिटर्न की चेकिंग के आधार पर विभाग की टीम ने यह छापा मारा। एक ही समय पर करीब आधा दर्जन अधिकारी पुलिस जवानों के साथ नाहन के छोटा चौक पहुंचे और दो दुकानों में छापेमारी शुरू कर दी। इस दौरान दोनों दुकानों के शटर बंद कर बाहर पुलिस का पहरा बिठा दिया।
छापेमारी की सूचना पूरे बाजार में आग की तरह फैल गई। गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने संपत्ति की घोषणा के लिए 30 सितंबर की अंतिम तिथि घोषित की है। इसी कड़ी में इस छापेमारी को भी जोड़कर देखा जा रहा है। जिन दुकानों में छापेमारी हुई वह दो भाइयों की बताई जा रही है। इस बारे में अधिकारियों का कहना है कि अभी जांच पड़ताल लंबी चलेगी। लिहाजा अभी कुछ नहीं कहा जा सकता।