-पुरुवाला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब/सतौन (सिरमौर)। गिरिपार क्षेत्र के सतौन में निर्माणाधीन स्कूल भवन में काम कर रही एक महिला मजदूर की दो नाबालिग बेटियों के लापता होने का मामला सामने आया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में महिला ने बताया कि वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश की निवासी है और पिछले करीब 5 वर्षों से परिवार के साथ पांवटा साहिब क्षेत्र में एक ठेकेदार के पास दिहाड़ी मजदूरी का काम कर रही है। वर्तमान में वह सतौन स्कूल की बिल्डिंग निर्माण कार्य में अन्य मजदूरों के साथ लगी हुई है।
शिकायतकर्ता के अनुसार 22 जुलाई की रात को खाना खाने के बाद वह अपनी दोनों बेटियों उम्र 14 और 15 वर्ष के साथ कमरे में सो गई थीं और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया था। 23 जुलाई की सुबह करीब 6 बजे जब वह उठी तो दोनों बेटियां कमरे में नहीं थीं। काफी खोजबीन के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिला।
पुलिस अधीक्षक एनएस नेगी ने बताया कि महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।