घटना को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार
-पुलिस ने मामले दर्ज कर शुरू की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। उपमंडल पांवटा साहिब में मारपीट के मामले सामने आ रहे हैं। अब यहां दो अलग-अलग मारपीट के मामले सामने आए हैं। पुलिस ने शिकायतों के आधार पर मामले दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पहला मामला देवीनगर में सामने आया है। यहां एक महिला ने तीन लोगों पर घर में घुसकर मारपीट करने का आरोप लगाया है। मिथलेश मूल निवासी ओज्जपुरा, सहारनपुर, उत्तर प्रदेश जो पांवटा साहिब की शक्ति कॉलोनी देवीनगर में रह रही हैं, उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। कहा कि वह घर पर अकेली थी तभी अमित, संजीव व अनिता कमरे में आए। तीनों ने कमरे में घुसकर बदसलूकी और मारपीट की। इसके बाद तीनों धमकी देकर मौके से फरार हो गए। पुलिस थाना पांवटा साहिब में मामला दर्ज करवाया गया है।
वहीं, दूसरा मामला पुलिस थाना माजरा के अंतर्गत पल्होड़ी में सामने आया है। यहां खेत में काम कर रही एक महिला व उसके बेटे के साथ मारपीट को लेकर शिकायत दर्ज की गई है। इमराना निवासी पल्होड़ी ने शिकायत में बताया कि वह अपने खेत में काम कर रही थी कि वहां पर समीर व जाकिर आए। उसके साथ बहसबाजी करने लगे। इसके बाद उसने अपने बेटे अरशद को आवाज देकर बुलाया। महिला का बेटा अरशद खेत में आया और दो लड़कों से बहस करने का कारण पूछने लगा। दोनों लड़कों ने मारपीट की और फरार हो गए। एसपी निश्चिंत सिंह नेगी ने बताया कि मामले दर्ज कर लिए गए हैं। पुलिस जांच कर रही है। संवाद