निर्मला देवी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 17 नवंबर को सुबह करीब 7:30 बजे दोनों बेटे स्कूल जाने के लिए घर से निकले थे। सुबह करीब 10 बजे घर में रखे संदूक पर एक पर्ची दिखाई दी। उन्होंने अपनी देवरानी संगीता से पर्ची पढ़वाई तो उसमें लिखा था कि दोनों भाई घर से दूर जा रहे हैं। हमारी चिंता मत करना, हम पांच साल बाद वापस लौटेंगे।
चिट्ठी मिलने के बाद परिजनों ने पहले नघेता स्कूल में संपर्क किया। वहां पता चला कि दोनों भाई स्कूल पहुंचे ही नहीं थे। इसके बाद गांव, रिश्तेदारियों और आसपास के क्षेत्रों में उनकी तलाश की गई, लेकिन दोनों का कोई सुराग नहीं मिला। परिजनों ने ग्रामीणों के सहयोग से भी तलाश अभियान चलाया। घर के संदूक में मिली चिट्ठी और दोनों भाइयों के फोटो पुलिस को सौंप दिए गए हैं।
गिरिपार क्षेत्र की बढ़ाना पंचायत के प्रधान श्याम लाल और बीडीसी सदस्य जय प्रकाश तोमर ने बताया कि दोनों भाइयों का पता नहीं चलने पर परिजनों ने पुरुवाला पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। ग्रामीण भी परिजनों के साथ उनकी तलाश में जुटे हुए हैं। एसपी एनएस नेगी ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर पुलिस थाना पुरुवाला में भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है और दोनों भाइयों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।