पेड़ से टकराकर दो बाइक सवार बालकों की मौत
पुरुवाला-अमरगढ़ नहर मार्ग पर पेश आया हादसा
बाइक पर दोनों दोस्त भंडारे में शामिल होने जा रहे थे, पुलिस जांच शुरू
पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंपा : डीएसपी
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब(सिरमौर)। माजरा थाना के तहत पड़ने वाले पुरुवाला-अमरगढ़ नहर मार्ग पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। इसमें बाइक पर सवार होकर खेड़ा महाराज के भंडारे में शामिल होने जा रहे दो नाबालिग दोस्तों की जान चली गई।
पुरुवाला में नहर के किनारे एक पेड़ से बाइक टकरा कर अनियंत्रित होकर दूर जा गिरी। इसमें एक बालक की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरे घायल बालक ने यमुनानगर अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में दम तोड़ दिया। हादसे के बाद क्यारदा गांव में शोक की लहर फेल गई है।
मिली जानकारी के अनुसार रविवार को पुरुवाला (माजरा) में एक सड़क हादसे में गुरजीत सिंह (15) पुत्र हरपाल सिंह और देव शर्मा (14) पुत्र बंटू शर्मा निवासी क्यारदा तहसील पांवटा साहिब बाइक पर सवार होकर खेड़ा महाराज के भंडारे में शामिल होने जा रहे थे। अचानक पुरुवाला में नहर के किनारे बाइक पेड़ से टकरा गई। इसके बाद बाइक दूर जाकर गिरी। बाइक गुरजीत सिंह चला रहा था। हादसे में गुरजीत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि गंभीर रूप से घायल देव शर्मा को प्राथमिक उपचार के बाद परिजन यमुनानगर ले जा रहे थे, लेकिन घायल देव ने भी रास्ते में ही दम तोड़ दिय। दोनों मृतक बालकों का पोस्टमार्टम करवाने के बाद शवों को परिजनों को सौंप दिया गया है। माजरा थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
डीएसपी पांवटा साहिब मानवेंद्र ठाकुर ने पुष्टि करते हुए कहा कि हादसे की जांच की जा रही है।
उन्होंने परिजनों से अपील की हैं कि नाबालिग बच्चों को बाइक या कोई भी वाहन इत्यादि चलाने को नहीं दें।
संवाद