नाहन (सिरमौर)। सोने के गहने चोरी होने के मामले में अदालत ने दो आरोपियों को बरी कर दिया है। मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी नाहन उपासना शर्मा की अदालत ने आरोप सिद्ध न कर पाने के चलते नाहन के भानु कश्यप और मनीष कुमार को सभी आरोपों से दोषमुक्त किया।
यह मामला 9 नवंबर, 2023 को थाना कालाअंब में दर्ज हुआ था। शिकायतकर्ता करण पाल ने बताया था कि उनके परिवार में विवाह समारोह के चलते घर के पीछे टेंट लगाया था। इसी दौरान जब परिवार के सदस्य कार्यक्रम में शामिल होने गए, तो अज्ञात लोगों ने अलमारी का ताला तोड़कर सोने के गहने चोरी कर लिए। चोरी में हार, टीका, चाक और बालियां शामिल थीं।
विज्ञापन
पुलिस ने मामले में भानु कश्यप और मनीष कुमार को गिरफ्तार किया। उन पर आरोप लगाया कि चोरी किए गहने नारायणगढ़ और कालाअंब के आभूषण विक्रेताओं को बेचे गए। आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धाराओं 457, 380 और 34 के तहत चालान पेश किया गया।
मुकदमे की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने 12 गवाह पेश किए। लेकिन अदालत ने पाया कि न तो किसी गवाह ने आरोपियों को चोरी करते देखा और न ही बरामदगी की प्रक्रिया संदेह से परे साबित हुई। आभूषण विक्रेताओं ने भी अदालत में गहने खरीदने या आरोपियों की ओर से बेचने की पुष्टि नहीं की। ऐसे में अदालत ने दोनों आरोपियों को सभी आरोपों से बरी कर दिया।