- रामपुरघाट क्रशर जोन में बिजली आपूर्ति बाधित होने से क्रशर इकाइयों का काम प्रभावित
- दर्जनों परिवारों को भी झेलनी पड़ी परेशानी, मरम्मत के बाद बहाल हुई आपूर्ति
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा साहिब के रामपुरघाट क्रशर जोन में रविवार सुबह एक अनियंत्रित ट्रक ने बिजली आपूर्ति लाइन के खंभे को टक्कर मार दी। इससे खंभा क्षतिग्रस्त हो गया और क्षेत्र में करीब तीन घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। बिजली गुल होने से क्रशर इकाइयों का काम प्रभावित हुआ। वहीं, आसपास रहने वाले दर्जनों परिवारों को भी परेशानी झेलनी पड़ी।
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह एक ट्रक चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और बिजली लाइन के खंभे को टक्कर मार दी। टक्कर से खंभे और बिजली लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इसके चलते रामपुरघाट क्रशर जोन की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। बिजली न होने से क्रशर इकाइयों में कामकाज रुक गया।
सूचना मिलने पर बिजली बोर्ड की टीम मौके पर पहुंची। कर्मचारियों और मजदूरों ने क्षतिग्रस्त खंभे और लाइन की मरम्मत की। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई।
बिजली बोर्ड पांवटा साहिब के सहायक अभियंता गुरदत्त चौहान ने बताया कि सूचना मिलते ही कनिष्ठ अभियंता को टीम के साथ मौके पर भेजा गया था। बोर्ड के कर्मचारियों और मजदूरों ने खंभे और लाइन की मरम्मत कर बिजली आपूर्ति सुचारु करवा दी है।