त्रिलोकपुर नवरात्रि मेले के तीसरे दिन कतारबद्ध व माथा टेकते श्रद्धालु। संवाद
माता बालासुंदरी के दरबार में 14.73 लाख रुपये नकद, 27.4 ग्राम सोना और 9.4 किलो चांदी चढ़ाई
संवाद न्यूज एजेंसी
कालाअंब (सिरमौर)। सिरमौर जिले के प्रसिद्ध सिद्धपीठ महामाया माता बालासुंदरी मंदिर त्रिलोकपुर में शारदीय नवरात्र मेले के तीसरे दिन मंगलवार को श्रद्धालुओं की खूब भीड़ उमड़ी। इस दौरान करीब 10 हजार श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में शीश नवाकर सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर दिनभर माता के जयकारों से गूंजता रहा। मेले में हरियाणा से सबसे अधिक श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।
मंगलवार सुबह करीब चार बजे मंदिर के कपाट खोले गए। इसके बाद मुख्य आरती और भोग की रस्म पूरी की गई। तत्पश्चात श्रद्धालुओं को छोटे-छोटे समूहों में मंदिर में प्रवेश करवाया गया, ताकि दर्शन व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
मंदिर न्यास समिति के उपाध्यक्ष एवं एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान ने बताया कि नवरात्र मेले के तीसरे दिन करीब 10 हजार श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने माता के चरणों में 14,73,260 रुपये नकद, 27 ग्राम 400 मिलीग्राम सोना और 9,400 ग्राम चांदी चढ़ावे के रूप में अर्पित की।
उन्होंने बताया कि नवरात्र मेले का आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से किया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा और दर्शन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।
त्रिलोकपुर नवरात्रि मेले के तीसरे दिन कतारबद्ध व माथा टेकते श्रद्धालु। संवाद