-1000 गोवंश के लिए होगी व्यवस्था, मिया मंदिर के जीर्णोद्धार को भी मिलेगी आर्थिक सहायता
-त्रिलोकपुर क्षेत्र में पेयजल, बिजली, सड़क और आपदा प्रबंधन सुविधाएं मजबूत करने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। त्रिलोकपुर मंदिर न्यास की बैठक सोमवार को उपायुक्त कार्यालय सभागार में आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता उपायुक्त सिरमौर एवं मंदिर न्यास प्रियंका वर्मा ने की। बैठक में विधायक नाहन अजय सोलंकी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस दौरान वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 23 करोड़ रुपये के अनुमानित बजट को मंजूरी दी गई। बजट से मंदिर न्यास क्षेत्र में विकासात्मक, निर्माण एवं धर्मार्थ कार्यों को गति मिलेगी। उपायुक्त ने बताया कि मंदिर न्यास में नकदी गणना के लिए विस्तृत मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार की गई है। इसके तहत सप्ताह में सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को पारदर्शी तरीके से नकदी की गणना की जाएगी। साथ ही न्यास की आय-व्यय का समय-समय पर ऑडिट भी कराया जाएगा।
बैठक में त्रिलोकपुर में एक हजार गोवंश की क्षमता वाली नई गोशाला के निर्माण का निर्णय लिया गया। इसके अलावा नाहन स्थित प्राचीन भगवान परशुराम (मिया मंदिर) के जीर्णोद्धार के लिए भी मंदिर न्यास वित्तीय सहायता उपलब्ध कराएगा।
विधायक अजय सोलंकी ने त्रिलोकपुर से सटे माता ललिता मंदिर में पेयजल सुविधा और थ्री-फेज बिजली उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से त्रिलोकपुर और आसपास के क्षेत्रों में बिजली, पेयजल, सड़क और एंबुलेंस जैसी मूलभूत सुविधाएं बेहतर करने को कहा। साथ ही वर्षा के दौरान आपदा प्रबंधन के लिए जेसीबी मशीन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में उपमंडलाधिकारी नाहन एवं संयुक्त आयुक्त मंदिर न्यास राजीव सांख्यान ने विभिन्न मदों को क्रमवार रखा। इस अवसर पर तहसीलदार नाहन एवं मंदिर अधिकारी उपेंद्र कुमार सहित न्यास के सरकारी और गैर-सरकारी सदस्य उपस्थित रहे।-