संगड़ाह और ददाहू खंड के 350 शिक्षकों ने लिया प्रशिक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
ददाहू (सिरमौर)। राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के अंतर्गत शिक्षा में गुणात्मक सुधार के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके तहत मूल्यांकन की सशक्त प्रक्रियाओं को अपनाने को लेकर शिक्षकों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। समग्र शिक्षा, कॉन्वीजीनियस व कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी के सौजन्य ददाहू में निरंतर एवं समग्र मूल्यांकन (सीसीई) कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें शिक्षा खंड ददाहू व संगड़ाह के करीब 350 शिक्षकों को प्रशिक्षित किया गया। मुख्य ट्रेनर एवं संचालक अनामिका पोरवाल और जिला समन्वयक पूर्ण ठाकुर ने बताया कि प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों के बीच समकालीन आधारित मूल्यांकन की समान समझ व सोच को विकसित करना है ताकि विद्यालय स्तर पर बनाए जाने वाले आकलन की गुणवत्ता को बढ़ाया जा सके। कार्यशाला में शिक्षकों को इंटरएक्टिव सत्रों के माध्यम से समझाया गया कि आकलन केवल सीखने के परिणामों को मापने तक सीमित न रहकर विद्यार्थियों की समग्र प्रगति और विकास में भी सहायक होना चाहिए।
इस परियोजना के अंतर्गत हिमाचल प्रदेश में शिक्षा प्रणाली को सुदृढ़ बनाने और शिक्षकों की क्षमता-विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों की सोच, क्षमता व काबलियत को परखने के लिए उन से प्रश्नपत्र भी तैयार करवाए गए। उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया के तहत प्रदेश के सभी 12 जिलों से 33 हजार शिक्षकों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। इस मौके पर ददाहू और संगड़ाह खंड के जेबीटी, एलटी, पीजीटी, टीजीटी सहित अन्य प्रवक्ता मौजूद रहे।