पांवटा साहिब में पंचायत चुनाव के लिए मतदान कर्मियों का प्रथम प्रशिक्षण संपन्न
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। उपमंडल पांवटा साहिब में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव को लेकर मतदान कर्मियों का प्रथम प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण में लगभग 700 मतदान कर्मियों ने भाग लिया और चुनाव प्रक्रिया की बारीकियां सीखीं। प्रशिक्षण के प्रथम सत्र में मतदान कर्मियों को चुनाव करवाने संबंधी जानकारी प्रदान की गई। उन्हें मतदान प्रक्रिया, ईवीएम वीवीपीएटी संचालन, मतपत्र, फार्म भरने और आचार संहिता के नियमों का पूर्वाभ्यास करवाया गया।
अभ्यास सत्र निर्वाचन अधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी पांवटा साहिब विकास बंसल की देखरेख में हुआ। कार्यक्रम में बतौर पर्यवेक्षक उपमंडलाधिकारी पांवटा साहिब द्विज गोयल ने भी भाग लिया। एसडीएम द्विज गोयल ने मतदान कर्मियों को संबोधित करते हुए निष्पक्ष व शांतिपूर्ण चुनाव कराने के निर्देश दिए। बीडीओ विकास बंसल ने बताया कि पंचायत चुनाव को त्रुटि रहित संपन्न कराने के लिए कर्मियों को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जल्द ही दूसरा पूर्वाभ्यास सत्र भी आयोजित किया जाएगा।