वीकेंड पर रेणुकाजी में उमड़ा पर्यटकों का सैलाब
एडवांस बुकिंग से पैक हुए पर्यटन निगम के सभी 14 कमरे
गर्मी से राहत पाने के लिए रेणुका झील में मटरगश्ती कर रहे पर्यटक
योगेंद्र अग्रवाल
ददाहू (सिरमौर)। मैदानी इलाकों में गर्मी की छुट्टियां पड़ने के साथ ही धार्मिक पर्यटन नगरी रेणुकाजी में पर्यटकों का सैलाब उमड़ पड़ा है। वीकेंड पर पर्यटकों के आने का सिलसिला शनिवार से ही शुरू हो गया है जो कि सोमवार तक जारी रहेगा। रेणुका घाटी इन दिनों पर्यटकों से गुलजार है।
पर्यटकों के आगमन को लेकर होटल व्यवसायियों के चेहरों पर भी रौनक दिखाई दे रही हैं। पर्यटन निगम रेणुकाजी के सभी 14 कमरों को एडवांस बुकिंग के जरिए बुक किया गया है। वहीं जिले के ददाहू, जमटा, हरिपुरधार, नौहराधार, पांवटा साहिब व बड़ू साहिब सहित आसपास के ऊँचे इलाकों में भी पर्यटकों की रौनक अचानक बढ़ गई है।
चिलचिलाती धूप, भीषण गर्मी व बढ़ते तापमान के बावजूद भी पर्यटकों का उत्साह कम नहीं हो रहा है। गर्मी से राहत पाने के लिए पर्यटक यहां रेणुका झील में नहाने के साथ-साथ पानी में जमकर अठखेलियां कर रहे हैं। वहीं रेणुका घाटी की प्राकृतिक सुंदरता को निहारने के साथ-साथ नौकायन का भी लुत्फ उठा रहें हैं और वन्य प्राणियों से भी रुबरु हो रहे हैं। रविवार को यहाँ पहुंचे पर्यटकों में सर्वाधिक संख्या दिल्ली वासियों की रही।
बता दें कि वैसे तो ग्रीष्मकालीन पर्यटन सीजन पहली अप्रैल से ही शुरू हो चुका है लेकिन पर्यटकों के आमद बढ़ने का सिलसिला अब शुरू हुआ है। मैदानी इलाकों में गर्मी से राहत पाने के लिए पर्यटक ऊँचे पहाड़ी इलाकों की ओर कूच कर रहे हैं। पर्यटन निगम रेणुका होटल के प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि शनिवार से सोमवार तक सभी 14 कमरों को एडवांस बुकिंग के जरिये बुक किया जा चुका है। वहीं वीकेंड पर रेस्टोरेंट का कारोबार भी दूसरे दिनों से बेहतर है। तापमान बढ़ने के बावजूद भी पर्यटक यहां खिंचे चले आ रहे हैं।
-संवाद