हरियाणा, उत्तराखंड, हिमाचल प्रशासन और एनएच की इस मुद्दे पर हो चुकीं बैठकें
विज्ञापन
समय रहते दशकों पुराने यमुना पुल की वायरिंग बदलने समेत मरम्मत होनी जरूरी
सुरेश तोमर
पांवटा साहिब (सिरमौर)। देहरादून पांवटा साहिब एनएच-सात पर बने यमुना पुल की मरम्मत के लिए एक वर्ष पहले 1.22 करोड़ रुपये के बजट का प्रावधान होने के बाद टेंडर भी हो चुका है। इसके लिए हिमाचल, उत्तराखंड, हरियाणा प्रशासन और एनएच की यातायात डायवर्ट करने की व्यवस्था को लेकर कई बैठकें भी हो चुकी हैं, लेकिन यमुना नदी पर दशकों पहले बने महत्वपूर्ण इस पुल की मरम्मत कार्य अभी तक शुरू नहीं हो पा रहा है। बता दें कि हिमाचल-उत्तराखंड को जोड़ने वाला यमुना पुल दशकों पहले बना है। भारी भरकम ट्राले चलने से लगातार बढ़ते बोझ के कारण पुल की दशा अब ठीक नहीं है। एनएच प्राधिकरण ने इस पुल के वायरिंग बदलने समेत मरम्मत कार्य की योजना तैयार की है। आईआईटी कानपुर से डिजाइन अप्रूव करवाने, बजट प्रावधान के बाद एक वर्ष पहले टेंडर प्रक्रिया भी हो चुकी है। रोज यातायात का बोझ काफी बढ़ता जा रहा है। ऐसे में दो राज्यों को जोड़ने वाले इस पुल का मरम्मत कार्य जल्द शुरू होना बहुत जरूरी है।
सिरे नहीं चढ़ी योजना
तीन राज्यों के प्रशासनिक अधिकारियों और एनएच प्राधिकरण की यातायात डायवर्ट करने की रूपरेखा तैयार करने को कई बैठकें हो चुकी है। पिछली बरसात के बाद पुल मरम्मत कार्य शुरू करवाने की योजना सिरे नहीं चढ़ पा रही है। इस पुल पर से यातायात बंद होने की सूरत में किसी तरह की क्षति और परेशानी न हो इस दृष्टि से पुल की मरम्मत के चलते यातायात को अस्थायी तौर पर बंद किया जाना जरूरी है।
विज्ञापन
यातायात डायवर्ट की व्यवस्था होने पर ठेकेदार शुरू करेगा काम
एनएच प्राधिकरण के अधिशासी अभियंता नाहन मनोज सहगल ने बताया कि हिमाचल और उत्तराखंड को आपस में जोड़ने वाले पांवटा यमुना पुल के मरम्मत कार्य के लिए करीब 1.22 करोड़ बजट मंजूर हुआ है। इसके टेंडर भी अवॉर्ड हो चुके है, लेकिन यातायात डायवर्ट की व्यवस्था होने पर ही ठेकेदार यमुना पुल की मरम्मत शुरू सकेगा।
भगानी पुल शुरू करवाने के बाद पांवटा पुल की होगी मरम्मत: जीएस चीमा
एसडीएम पांवटा साहिब गुंजीत सिंह चीमा ने कहा कि पांवटा यमुना पुल से काफी यातायात चलता है। हिमाचल-उत्तराखंड सीमा पर भगानी में नया पुल बन कर तैयार है। भगानी पुल को एक महीने के भीतर शुरू करवाने के प्रयास चल रहे हैं। उसके बाद यातायात को डायवर्ट करने की व्यवस्था करवाकर पांवटा यमुना पुल मरम्मत योजना कार्य को शुरू करवाया जा सकेगा।