देवीनगर क्षेत्र के लोग स्कूल समय में ट्रक चलने से परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। विश्वकर्मा चौक से देवीनगर-रामपुर घाट मार्ग पर कुछ ट्रक नो एंट्री के समय में चल रहे हैं। स्कूली बच्चों के आने-जाने के समय ट्रकों के चलने से हादसों का खतरा बना रहता है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और पुलिस विभाग से मांग की है कि निर्धारित समय के बावजूद नो एंट्री में चलने वाले ऐसे वाहनों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
देवीनगर निवासी पंकज भटनागर, शशि, रोहित और रघुवीर सिंह ने कहा कि चार वर्ष पहले शिवपुर मार्ग पर रेत-बजरी से लदे ट्रक ने वन विभाग में कार्यरत बाइक सवार युवक को कुचल दिया था। इससे उसकी मौत हो गई थी। इसके बाद लोगों ने सड़कों पर उतरकर विरोध किया था। तत्कालीन उपायुक्त ने खनन सामग्री ले जाने वाले वाहनों का समय रात 9 से सुबह 5 बजे तक निर्धारित किया था।
अब खनन सामग्री से भरने जाने वाले कुछ ट्राले और ट्रक चालक नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। बाहरी राज्यों से आने वाले ट्रक तय समय को दरकिनार करते हुए दिनदहाड़े चलने लगे हैं। खासकर सुबह, बच्चों के स्कूल टाइम में इन वाहनों के चलने से हादसों का खतरा बढ़ गया है। देवीनगर क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन और खनन विभाग से इन वाहनों पर अंकुश लगाने की मांग की है।
डीएसपी पांवटा साहिब मानवेंद्र ठाकुर ने कहा कि भारी वाहन केवल निर्धारित समय पर ही इस मार्ग पर चलेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।