मेडिकल कॉलेज नाहन परिसर में निर्जला एकादशी पर मीठा पानी वितरित करते कर्मचारी। संवाद
सामाजिक और धार्मिक संगठनों ने किया शीतल पेय वितरण
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। निर्जला एकादशी पर जिला मुख्यालय नाहन में विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और स्वयंसेवी संगठनों की ओर से जगह-जगह मीठे पानी की छबीलें लगाकर राहगीरों और श्रद्धालुओं को शीतल पेय पदार्थ वितरित किए गए।
शहर के मेडिकल कॉलेज नाहन परिसर, बड़ा चौक, हिंदू आश्रम, गुन्नूघाट, लालटेन चौक, महलात की घाटी, पुलिस लाइन के समीप मंदिर सहित अन्य स्थानों पर दिनभर छबीलों का आयोजन किया गया। यहां से गुजरने वाले लोगों को मीठा पानी, शरबत और प्रसाद के रूप में हलवा बांटा गया। छबीलों में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर सेवा कार्य में सहयोग दिया।
मेडिकल कॉलेज नाहन परिसर में भी कर्मचारियों ने मिलकर छबील का आयोजन किया। इस दौरान अस्पताल आने वाले मरीजों, उनके तीमारदारों और अन्य लोगों को शीतल पेय वितरित किया गया। आयोजन से जुड़े नवीन ठाकुर ने बताया कि निर्जला एकादशी के अवसर पर मानव सेवा और जनकल्याण की भावना से यह छबील लगाई गई। उन्होंने कहा कि इस तरह के धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन समाज में आपसी भाईचारे और सेवा भाव को मजबूत करते हैं।
निर्जला एकादशी के अवसर पर शहरभर में श्रद्धा और सेवा का वातावरण देखने को मिला। विभिन्न स्थानों पर लोगों ने बढ़-चढ़कर सेवा कार्य में भाग लिया और राहगीरों को राहत पहुंचाने का प्रयास किया।