हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला में पहली तारिख से स्कूल खुलने पर कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नाह?
- फोटो : NAHAN
नाहन (सिरमौर)। जनपद सिरमौर में ग्रीष्मकालीन विद्यालयों में लंबे समय बाद नियमित कक्षाएं संचालित करने को लेकर माइक्रो प्लान तैयार किए जा चुके हैं। स्कूल प्रधानाचार्यों ने स्कूलों में सुविधाओं के मद्देनजर ही कक्षाएं लगाने की व्यवस्था की गई है। आठवीं से बारहवीं तक कक्षाएं लगाने के लिए स्कूलों में सुविधाओं के साथ-साथ आने और जाने के लिए अलग-अलग समय निर्धारित किया गया है। सभी छात्रों का लंच भी एक साथ नहीं होगा। इसमें भी बदलाव किए गए हैं ताकि बच्चों की भीड़ एकत्रित न हों।
प्रार्थना सभा फिलहाल स्थगित रहेगी। कक्षाओं में सामाजिक दूरी को बरकरार रखा जाएगा। रोजाना कक्षाओं को सैनिटाइज करने की व्यवस्था भी रहेगी। हालांकि, स्कूल का समय सुबह 9 बजे से शाम तीन बजे तक ही रहेगा लेकिन स्कूल आने के लिए समय का अंतर रखा गया है। स्कूल से जाते समय भी कुछ बच्चों को सुविधा के अनुसार पहले घर भेजा जाएगा तो कुछ को बाद में।
उधर, शिक्षा उपनिदेशक उच्च कर्मचंद ने बताया कि सरकार और शिक्षा विभाग के दिशा-निर्देशों के तहत सभी स्कूलों में कक्षाओं के संचालन को लेकर माइक्रो प्लान तैयार कर दिए गए हैं। एक फरवरी से आठवीं से 12वीं तक कक्षाओं का नियमित संचालन किया जाएगा। इसको लेकर स्कूल प्रधानाचार्यों ने माइक्रो प्लान तैयार कर दिए हैं। स्कूल में बच्चों के आने और जाने की समयावधि में अंतर रखा जाएगा। प्रार्थना सभा अभी नहीं होगी। स्कूल में बच्चों को एक साथ एकत्रित नहीं होने दिया जाएगा। वहीं कक्षाओं का संचालन भी सुविधाओं के अनुसार होगा। उन्होंने बताया कि स्कूल प्रधानाचार्यों को कोरोना संक्रमण से बचाव को लेकर निर्देश दिए गए हैं। स्कूलों को सैनिटाइज किया जा रहा है।
..................