-किसानों को खेत में पहले मिल रहे थे 250, अब पहुंचे 80 रुपये प्रति किलोग्राम
भजन चौधरी
धौलाकुआं (सिरमौर)। जिले के मैदानी क्षेत्र पांवटा साहिब में स्ट्राॅबेरी का उत्पादन बढ़ा है। इस बार उत्पादन बढ़ने के साथ ही दामों में भी गिरावट आना शुरू हो गई है। हालांकि सीजन के शुरूआत में दाम में तेजी मिली थी। दामों में गिरावट आने से किसानों की चिंता बढ़ने लगी है।
बता दें कि इस साल पांवटा क्षेत्र में स्ट्राॅबेरी का उत्पादन भारी मात्रा में किया गया है। यहां के विभिन्न क्षेत्रों में लगभग 600 किसानों ने स्ट्राॅबेरी की पैदावार की है। इन दिनों किसान दिन-रात अपने खेतों में स्ट्राॅबेरी की देखभाल में लगे हैं। उधर, मौसम भी इस बार स्ट्राॅबेरी के अनुकूल देखने को मिल रहा है। लगातार खुष्क मौसम के चलते इस बार स्ट्राॅबेरी का आकार बड़ा देखने को मिल रहा है। इतना ही नहीं इसमें ज्यादा मिठास भी बताई जा रही है।
क्षेत्र में स्ट्राॅबेरी की बेहतर पैदावार के चलते बाहरी राज्यों में इसकी मांग भी बढ़ रही है। बाहरी राज्यों से आकर व्यापारी हाथों-हाथ यहां से फसल को खरीद रहे हैं। किसानों धर्मपाल, राकेश कुमार, राम लाल, गुरमीत सिंह आदि ने बताया कि क्षेत्र के अलावा पड़ोसी राज्य उत्तराखंड में इस बार स्ट्राॅबेरी का उत्पादन काफी हुआ है। उत्पादन अधिक होने के चलते दामों में गिरावट आई है। जिन किसानों के पास पहले फसल तैयार हो गई थी उन्हें बेहतर दाम शुरूआत में मिले हैं, लेकिन अब लगातार दाम गिर रहे हैं।
किसानों ने बताया कि शुरू में स्ट्राॅबेरी 250 से 300 रुपये प्रतिकिलो तक खेतों से उठाई जाती थी। जैसे-जैसे फल बढ़ना शुरू हुआ वैसे ही स्ट्राॅबेरी के दाम लगातार गिरने लगे हैं। अब आलम यह है कि 80 रुपये प्रति किलोग्राम तक खेतों से उठाने के दाम मिल रहे हैं। किसानों के अनुसार 1990 के दशक में पांवटा क्षेत्र में स्ट्राॅबेरी का उत्पादन शुरू हुआ था। किसानों को इस फसल से नकदी आय मिल रही है। देखा-देखी में हर साल यहां पैदावार में वृद्धि देखने को मिल रही है। इन दिनों हर रोज 20 से 25 क्विंटल स्ट्राॅबेरी की तुड़ाई हो रही है। इसकी खरीद बाहरी राज्यों से आकर व्यापारी कर रहे हैं।
किसानों ने कहा कि उत्पादन अधिक होने से दाम कम हो जाते हैं। ऐसे में सरकार को चाहिए कि यहां एचपीएमसी के माध्यम से प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित की जाए ताकि उत्पादकों को इसका लाभ मिल सके। किसानों का कहना है कि यहां मौसम स्ट्राॅबेरी के लिए बेहतर है। ऐसे में यदि सरकार सहयोग करे तो आने वाले समय में इसका उत्पादन और अधिक बढ़ सकता है। इससे न केवल किसानों की आर्थिकी सुधरेगी साथ ही सरकार को भी आय के साधन उपलब्ध होंगे।
संवाद