पुलिस की पाठशाला
विद्यापीठ स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में थाना प्रभारी बोले,
पुलिस लोगों की मित्र, परिस्थितियों में मदद को रहती है आगे
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। अमर उजाला फाउंडेशन का विद्यापीठ स्कूल में पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें मुख्य अतिथि थाना प्रभारी पांवटा साहिब कुलवंत कंवर व विशिष्ट अतिथि प्रधानाचार्य नत्थीमल वर्मा रहे। इस दौरान नशे से युवाओं को दूर रहने, यातायात नियमों का पालन करने, पॉक्सो एक्ट व साइबर अपराध से सतर्क रहने के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
थाना प्रभारी कुलवंत कंवर ने कहा कि युवा नशे से दूर रहें। यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस लोगों की मित्र है, जो हर परिस्थिति में मदद को तैयार रहती है। विद्यार्थी सोशल मीडिया के दुष्प्रभावों से बचें। मोबाइल के फायदे के साथ कुछ नुकसान भी हैं। खासकर फेसबुक, इंस्टाग्राम का उपयोग सावधानी से करें। डिजिटल अरेस्ट, धोखाधड़ी, साइबर बुलिंग के बारे में जानकारी रखें। अपराधी लालच का पूरा जाल फेंकते हैं। अंजान कॉल पर भरोसा न करें। किसी भी तरह का फ्रॉड होने पर टोलफ्री नंं. पर साइबर हेल्पलाइन व साइबर क्राइम की शिकायत करें।
इससे पहले प्रधानाचार्य एनएम वर्मा ने सभी का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि अमर उजाला फाउंडेशन की अपराजिता व पुलिस की पाठशाला मुहिम सराहनीय है। इससे शैक्षणिक संस्थाओं में शिक्षारत युवाओं के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने युवाओं से कहा कि पुलिस से न डरें। पुलिस लोगों की मदद के लिए है। युवाओं को जीवन में बड़ी सोच के साथ आगे बढ़ना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान आदित्य व आंशिका चौधरी समेत छात्र-छात्राओं ने अपराध, यातायात नियमों, समेत पुलिस की रहने वाली कार्यशैली पर सवाल पूछे। एक-एक कर सभी बच्चों के सवालों का थाना प्रभारी ने जवाब दिया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम के प्रतिनिधियों कमलकांत शर्मा व वीरेंद्र ठाकुर ने विद्यार्थियों को से कहा कि हमें अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी पालन करना चाहिए। युवा अपनी प्रतिभा को जाने और खुद में बदलाव लाएं। युवाओं के लिए जरूरी है कि किताबों से बाहर आकर भी ज्ञान को अर्जित करें। पॉक्सो एक्ट, साइबर क्राइम, सड़क सुरक्षा, महिला सुरक्षा, किशोरों व युवा छात्रों में कानून, नागरिक अधिकारों व सामाजिक जिम्मेदारी, टोल फ्री नंबर सुविधा, पीआरवी सेवा के प्रति जागरूक हों। चिट्टा समेत नशे के खिलाफ अभियान में सहयोग दें। किसी को भी अपने बैंक खाते का विवरण नहीं दें। इस दौरान पुलिस महिला आरक्षी प्रेम देवी, अध्यापिका शीतल सहित स्टॉफ सदस्य मौजूद रहा।